खरीदी केंद्र पहुंचे जिपं अध्यक्ष साय, किसानों से लिया फीडबैक

भास्कर न्यूज | जशपुरनगर धान खरीदी की जमीनी हकीकत जानने और किसानों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लेने जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने आज करडेगा धान खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न केवल धान खरीदी से जुड़ी पंजी और अभिलेखों का अवलोकन किया, बल्कि केंद्र में मौजूद किसानों के बीच बैठकर उनसे सीधे संवाद कर पूरी प्रक्रिया का फीडबैक भी लिया। उनके इस दौरे से किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने टोकन वितरण, धान की तौल, भंडारण और भुगतान प्रक्रिया से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने किसानों से पूछा कि टोकन मिलने से लेकर तौल और आगे की प्रक्रिया तक उन्हें किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है। किसानों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि फिलहाल व्यवस्था संतोषजनक है, हालांकि भीड़ के समय तौल में थोड़ी देरी हो जाती है। इस पर साय ने अधिकारियों को व्यवस्थाएं और सुचारु करने के निर्देश दिए। किसानों से संवाद करते हुए सालिक साय ने कहा कि सरकार किसानों के साथ है और उनकी मेहनत का पूरा सम्मान किया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त करते हुए कहा, “सरकार आपकी है और आपकी मेहनत का एक-एक दाना पूरी पारदर्शिता के साथ खरीदा जाएगा। किसी भी किसान को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।” उनके इस बयान से किसानों में भरोसा और संतोष दिखाई दिया। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने समिति प्रबंधकों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीदी प्रक्रिया शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न की जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को बार-बार केंद्र के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए समय पर तौल और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जाएं। भुगतान प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि खरीदी केंद्र पर यदि किसी प्रकार की अव्यवस्था या अनुशासनहीनता पाई गई, तो संबंधितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिला पंचायत अध्यक्ष ने खरीदी केंद्र पर किसानों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पीने के स्वच्छ पानी, छायादार बैठने की व्यवस्था, तौल मशीनों की सटीकता और साफ-सफाई का जायजा लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *