खरीद बंद होने पर भी पहुंचा मूंग भरा ट्रक:किसानों ने घटिया मूंग मिलाने का आरोप लगाया, राजफेड अधिकारी बोले- जांच कमेटी गठित

मेड़ता के तिलम संघ के मूंग खरीद केंद्र पर 7 फरवरी को मूंग की खरीद बंद हो गई थी। बीती रात 35 टन मूंग से भरा हरियाणा पासिंग नंबर का एक ट्रक पहुंचा। जिसमें भरे मूंग की गुणवत्ता भी बेहद निम्न क्वालिटी की थी। ट्रक के पहुंचने की सूचना पर किसान संगठनों के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और पुलिस को भी बुलाया। भारतीय किसान यूनियन मानवता ने यहां किसानों के तोले गए अच्छे क्वालिटी के मूंग में घटिया क्वालिटी का मूंग मिलाकर पास करवाने का आरोप लगाया और तिलम संघ केंद्र पर धरने पर बैठ गए। दरअसल, भाकियू मानवता की ओर एमएसपी मूंग खरीद को लेकर मिलीभगत, भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जा रहे है। राजफेड की ओर से तिलम संघ केंद्र पर मूंग की खरीद-तुलाई बंद करने के बावजूद बुधवार देर रात मूंग से भरा ट्रक पहुंचा। यह जानकारी किसानों को मिलने पर भाजपा इंदावड़ मंडल अध्यक्ष रामअवतार लेगा, भारतीय किसान यूनियन मानवता के अध्यक्ष सुशील कुमार रियाड़ सहित किसान पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। भाकियू अध्यक्ष रियाड़ ने बताया कि एक हरियाणा नंबर का ट्रक सीकर से मूंग भरकर बीती रात 11:30 बजे तिलम संघ परिसर में पहुंचा। कुल 9 ट्रक थे और पहली गाड़ी आते ही हम लोग यहां पहुंच गए। बाकी 8 वाहन उन्होंने गायब कर दिए। आधे किसानों के माल में खराब माल मिलाकर मिलीभगत का खेल खेलने का प्रयास किया गया है। ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट करने की मांग
किसान पदाधिकारियों ने ठेकेदार पर कार्रवाई करते हुए ब्लैक लिस्टेड करने की मांग की। यह भी आरोप लगाया कि रात में आया यह ट्रक ठेकेदार और उसके आदमियों ने खाली करवाया था। मौके पर पहुंचे अधिकारी, माल जब्त
मेड़ता कार्यवाहक एसडीएम रामसिंह गुर्जर, मंडी समिति उप निदेशक डॉ. यशपाल लटियाल, राजफेड अजमेर के क्षेत्रीय अधिकारी गौरव सैन, केन्द्र प्रभारी प्रेमसिंह चौधरी सहित अधिकारी मौके पर पहुंचे। कार्यवाहक एसडीएम गुर्जर ने माल की जब्ती को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जांच समिति का गठन किया गया है, जो इस पूरे मामले की जांच करेगी। इस दौरान मंगलाराम डिडेल, सुनील जाखड़ सहित किसान संगठन के पदाधिकारी व काश्तकारों ने रोष जताया। मेड़ता सिटी के कार्यवाहक एसडीएम रामसिंह गुर्जर ने बताया मुझे जानकारी मिली कि तिलम संघ केंद्र पर 7 फरवरी तक मूंग की खरीद चल रही थी। यहां खरीद बंद होने के बाद बाहर से कोई मूंग लेकर आना सामने आया है। हमने इस माल को जब्त कर लिया है।
जांच के लिए बनाई कमेटी
राजफेड के क्षेत्रीय अधिकारी गौरव सेन ने बताया जांच के लिए दो इंस्पेक्टर्स की कमेटी बनी है, जो इसकी रिपोर्ट देंगे। रिपोर्ट के आधार पर जो सख्त कार्रवाई होगी, वो करेंगे।
खरीद केंद्र प्रभारी प्रेमसिंह चौधरी ने कहा कि हमने 7 फरवरी से यह केंद्र बंद कर दिया और ठेकेदार को निर्देशित किया कि यहां खरीद नहीं होगी। यहां जो भी तुला हुआ माल उसे दो दिन में वेयरहाउस में रखवाया जाए। लेकिन सुबह पता चला कि एक अनाधिकृत ट्रक खाली हुआ है। उप रजिस्ट्रार नागौर की ओर से जांच कमेटी भी गठित की है। जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि माल किसका है, जब तक यह माल पुलिस कस्टडी में रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *