राजस्थान में निकाय चुनाव को लेकर प्रदेश के नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा- निकाय चुनाव को लेकर सरकार अपने स्तर पर काम कर चुकी है। जैसे ही पिछड़ा वर्ग आयोग रिपोर्ट देगा उसके दो से तीन दिन में आरक्षण लॉटरी के बाद चुनाव के लिए राज्य निर्वाचन आयोग को अनुरोध पत्र भेज देंगे। दरअसल मंत्री रविवार शाम को फतेहपुर के हरसावा बड़ा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में तीन दिवसीय 13वीं जिला स्तरीय राजस्व खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। मंत्री बोले-सरकार ने अपने स्तर पर पूरा किया काम
इस दौरान मंत्री खर्रा ने निकाय चुनाव को लेकर दैनिक भास्कर डिजिटल से बातचीत की। मंत्री ने कहा-कई नगर निकाय का कार्यकाल पूरा हो चुका है। कई का पूरा होने वाला है। कुछ का फरवरी में होने वाला है। हमारे स्तर पर जितना काम होना था वह पूरा कर चुके हैं। माननीय सर्वोच्च न्यायालय का पिछड़ा वर्ग को राजनीति आरक्षण देने के मामले में एक फैसला है। राज्य के पिछड़ा वर्ग आयोग वैज्ञानिक तरीके से ट्रिपल टेस्ट के माध्यम से पिछड़ा वर्ग की जनसंख्या का आंकड़ा एकत्रित करे और सरकार को प्रस्तुत करे। जिसके आधार पर पिछड़ा वर्ग के लिए राजनीति आधार बना सके। पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट का इंतजार
मंत्री ने कहा-दिसंबर में पिछड़ा वर्ग आयोग को रिपोर्ट देनी थी। मगर अभी मार्च तक का समय बढ़ा लिया है। जैसे ही पिछड़ा वर्ग आयोग रिपोर्ट देगा उसके दो से तीन दिन में आरक्षण लॉटरी के बाद चुनाव के लिए राज्य निर्वाचन आयोग को अनुरोध पत्र भेज देंगे। सीधे नहीं होंगे मेयर, चेयरमैन के चुनाव
सीधे मेयर और चेयरमैन के चुनाव के सवाल पर मंत्री ने कहा-अभी तक जो भी प्रक्रिया चल रही है। उसी के आधार पर चुनाव होंगे। पार्षदों के निर्वाचन के बाद वे मेयर, सभापति और चेयरमैन का चुनाव करेंगे। 700 राजस्व खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम को लेकर उपखंड राजस्व अध्यक्ष मनोज स्वामी ने बताया-इस प्रतियोगिता में सीकर जिले के लगभग 700 राजस्व खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। पुरुष और महिला वर्ग के लिए वॉलीबॉल, बैडमिंटन, लॉन टेनिस, कबड्डी, कैरम, रस्साकशी सहित विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया। पुरुष वर्ग के वॉलीबॉल फाइनल में फतेहपुर ने सीकर को हराकर खिताब जीता। फतेहपुर की टीम में राजेश खालिया, दामोदर सिंह, वीरेंद्र सिंह, जाबिर खान, बालू सिंह, धर्मेंद्र सिंह, श्याम सुंदर सोनी और शिवभगवान सिंह जैसे खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। फतेहपुर के खिलाड़ियों का रहा दबदबा
व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी फतेहपुर के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। फतेहपुर के वीरेंद्र सिंह ने ऊंची कूद में 1.35 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता। लंबी कूद में विजयपाल पटवारी और कैरम में मनोज कुमार खेड़वाल ने भी स्वर्ण पदक हासिल किए। बैडमिंटन का स्वर्ण पदक नीमकाथाना ने जीता। ये रहे मौजूद
इस अवसर पर सीकर अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार, एडीएम नीमकाथाना भगीरथ शाख, पटवार संघ सीकर के राकेश, सीकर उपखंड अधिकारी निखिल पोद्दार, लेखा सेवा आयोग के अध्यक्ष हरीश जाखड़, उपखंड अधिकारी फतेहपुर दमयंती कंवर, उपखंड अधिकारी रामगढ़ भारती फुलफकर, तहसीलदार फतेहपुर हितेश चौधरी, राजेश खालिया, वीरेंद्र सिंह, सुरेंद्र, महबूब अली, रामावतार स्वामी, मनोज स्वामी सहित विभिन्न उपखंडों से आए अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। … यह भी पढ़ें नगर निकाय चुनाव की तैयारी पूरी:UDH मंत्री बोले- मतदाता सूचियों के प्रकाशन के बाद चुनाव करवाने को कहेंगे
यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा- 2026 में होने वाले नगर निकाय चुनाव के लिए विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है। वार्डों का पुनर्गठन भी हो चुका है। अब दो बातें हैं, एक तो राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूचियों का निर्माण होकर अंतिम प्रकाशन होना। दूसरा, अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग को अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की जनसंख्या का डाटा उपलब्ध करवाना। (पढ़ें पूरी खबर)


