उज्जैन जिले की खाचरोद उपजेल से गुरुवार शाम 7 बजे तीन कैदी फरार हो गए। फरार हुए कैदियों में दो बलात्कार के आरोपी और एक हत्या के मामले में बंद कैदी शामिल हैं। घटना के बाद पुलिस और जेल प्रशासन हरकत में आ गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, तीनों कैदी महिला सेल से फरार हुए। फरारी की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन ने तत्काल सीनियर अधिकारियों को सूचित किया। इसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जेल परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू किया गया। फरार हुए कैदी गंभीर अपराधों में बंद थे, जिससे जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रारंभिक जांच में जेल की सुरक्षा, ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की भूमिका और महिला सेल से कैदियों के भागने के कारणों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने तीनों फरार कैदियों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर जारी की हैं। पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि इन कैदियों के बारे में कोई जानकारी मिलती है, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने तीनों फरार कैदियों की तस्वीरें जारी की हैं- पेंटिंग के बहाने रची फरार होने की साजिश जेल में पेंटिंग का काम कर रहे तीन कैदियों ने सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर भागने की साजिश को अंजाम दिया। शाम के वक्त जब सभी कैदियों को वापस बैरक में लौटने का समय हुआ, तो इन तीनों ने भी बैरक की ओर कदम बढ़ाए और पेंटिंग के लिए इस्तेमाल किए गए कलर के डिब्बे जमा कर दिए ताकि किसी को शक न हो। हालांकि, उन्होंने काम के लिए उपयोग की जा रही सीढ़ी को योजनाबद्ध तरीके से दीवार के सहारे ही छोड़ दिया और बाद में उसी के सहारे जेल की दीवार लांघकर फरार हो गए। पुलिस की घेराबंदी और सर्चिंग अभियान जारी कैदियों के भागने की खबर मिलते ही जेल प्रशासन और स्थानीय पुलिस में हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस की टीमें चारों ओर घेराबंदी कर फरार कैदियों की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं। हालांकि, रात का समय होने और अंधेरे की वजह से सर्चिंग अभियान में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी गिरफ्तारी में देरी हो रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही तीनों आरोपी गिरफ्त में होंगे।


