पाकिस्तानी तस्करों ने बॉर्डर से दो किमी दूर खाजूवाला के रोही चक एक बीएम में ड्रोन से 2.25 किग्रा हेरोइन गिराई गिराई जो 20 करोड़ रुपए की बताई जा रही है। बीएसएफ और पुलिस ने हेरोइन जब्त कर ली और डिलीवरी लेने वालों की तलाश की जा रही है। पाक तस्करों ने दो महीने में लगातार दूसरी बार खाजूवाला बॉर्डर पर ड्रोन से हेरोइन गिराई। बीएसएफ के पास ड्रोन डोपिंग के इनपुट थे। मंगलवार की रात को बॉर्डर से करीब दो किमी दूर हेरोइन गिराए जाने का शक हुआ तो खाजूवाला पुलिस को इत्तला दी गई। बीएसएफ और पुलिस ने रात को करीब एक बजे 14 बीडी से एक बीएम पक्की सड़क के पास सर्च ऑपरेशन शुरू किया। रात को 1.40 बजे ड्रेगन लाइन की रोशनी में चक एक बीएम की खाली पड़ी जमीन पर पीले रंग का पैकेट चमकता दिखा जिस पर दो चमकदार छड़ें लगी थी। नजदीक पहुंचने पैकेट खोला तो उसमें से चार प्लास्टिक की थैलियों में भरी 2.25 किग्रा हेरोइन बरामद हो गई। पुलिस ने हेरोइन जब्त कर ली और अज्ञात लोगों के खिलाफ एनडीपीएस में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच पूगल पुलिस थाने के एसएचओ समरवीरसिंह को सौंपी गई है। आशंका जताई जा रही है कि पंजाब या श्रीगंगानगर के लोग पाक तस्करों के संपर्क में थे जिनको मौके से डिलीवरी लेनी थी। पुलिस को उनका पता लगाना है। हेरोइन बरामद करने में बीएसएफ की हिमगिरि पोस्ट 140 बटालियन के कंपनी कमांडर इंस्पेक्टर मदनलाल और एएसआई भोपालसिंह, खाजूवाला पुलिस थाने के कार्यवाहक एसएचओ हरपालसिंह, कांस्टेबल ओमप्रकाश, प्रेमकुमार, रामकुमार शामिल थे। गौरतलब है कि इससे पूर्व 8 जनवरी की रात को भी पाक तस्करों ने खाजूवाला से 3 किमी दूर चक 40केजेडी में 2.50 करोड़ रुपए की 505 ग्राम हेरोइन ड्रोन से गिराई थी जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया था। रेंज में कब, कितनी हेरोइन बरामद हुई रेंज कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक वर्ष, 16 में 0.072, 17 में 2.414, 18 में 0.414, 19 में 0.999, 20 में 10.137 और 21 में 60 किग्रा हेरोइन बरामद की गई। उसके बाद वर्ष, 22 में 27.186, 23 में 50.90, वर्ष 24 में 74.24 और वर्ष 25 में 33.226 किग्रा हेरोइन बरामद की गई है। ज्यादातर बीकानेर और श्रीगंगानगर में पाक बॉर्डर पर ही बरामद हुई है। पाक तस्करों ने पंजाब की लिंक रोड पर सुनसान जगह गिराई हेरोइन पाकिस्तानी तस्कर अब हेरोइन भेजने के लिए बॉर्डर पर ऐसी जगहों को चिह्नित कर ड्रोन ड्रोपिंग कर रहे हैं जो बिलकुल सुनसान है और आसपास कोई आबादी नहीं है। चक एक बीएम की रोही भी ऐसा ही इलाका है जहां पाक तस्करों की ओर से ड्रोन के जरिये 2.25 किग्रा हेरोइन गिराई गई। पूरा इलाका पूरी तरह से सुनसान है। आसपास कोई आबादी नहीं है। खेत भी नहीं है। पंजाब की लिंक रोड जिसके दोनों ओर वन विभाग की नर्सरी है। इस क्षेत्र से पक्की सड़क गुजरती है जो रावला-घड़साना होते हुए पंजाब को जाती है। तस्करों ने इसे डिलीवरी के लिए सेफ जगह मानकर हेरोइन गिराई जो जब्त कर ली गई।


