खाटूश्यामजी उप जिला अस्पताल में 5 दिन से महिला भर्ती:श्याम बाबा के दर्शन करने आई थी, परिजनों का नहीं बता रही पता; वृद्धाश्रम भेजने की जिद्द पर अड़ी

सीकर जिले की प्रसिद्ध धार्मिक नगरी खाटूश्यामजी में बाबा श्याम के दो दिवसीय मासिक मेले और नववर्ष के जश्न के दौरान आई एक महिला श्रद्धालु बीते 5 दिनों से खाटू के उप जिला अस्पताल में भर्ती है। महिला ने अपना नाम मंजू बताया है, लेकिन वह अपने परिवारजनों के संबंध में किसी भी तरह की जानकारी देने से मना कर रही है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, महिला अपने परिजनों से गहरी नाराज दिखाई दे रही है। महिला के खाना-पीना छोड़ने पर अस्पताल प्रशासन चिंतित उप जिला अस्पताल इंचार्ज डॉ. गोगराज सिंह निठारवाल ने बताया कि महिला ना तो कुछ खा रही है और ना ही पानी पी रही है, इससे अस्पताल प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। पूछताछ के दौरान महिला बार-बार केवल इतना ही कह रही है कि वह मंजू देवी मानसरोवर जयपुर की रहने वाली है। महिला प्रशासन से बार-बार वृद्धाश्रम भेजने की जिद्द कर रही है। फिलहाल उप जिला अस्पताल प्रशासन महिला की शारीरिक और मानसिक स्थिति पर लगातार निगरानी रखे हुए है। महिला के परिजनों की तलाश और काउंसलिंग करने का प्रयास जारी वहीं, खाटूश्यामजी पुलिस ने ही महिला को मेले के दौरान अस्वस्थ होने पर उप जिला अस्पताल में सुरक्षित भर्ती करवाया था। पुलिस और अस्पताल प्रशासन महिला के परिजनों की तलाश और काउंसलिंग करने के प्रयास कर रहे हैं, ताकि उसकी पहचान और पारिवारिक स्थिति स्पष्ट हो सके। पुलिस ने इस संबंध में मानसरोवर और शिप्रा पथ थाना पुलिस को भी डिटेल्स भेजी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *