खाटूश्यामजी मंदिर कमेटी के पूर्व कोषाध्यक्ष के बेटे को धमकी:हरि बॉक्सर ने विदेशी नंबरों से कॉल किया, कहा-तुम्हारे घर पर आकर गोलियों से,ग्रेनेड बम से जान से मार दूंगा

विश्वविख्यात खाटूश्यामजी मंदिर कमेटी के पूर्व कोषाध्यक्ष कालू सिंह के बेटे मानवेंद्र सिंह चौहान को फिरौती के लिए धमकी देने का मामला सामने आया है। लॉरेंस गैंग के हरि बॉक्सर ने फिरौती के लिए मानवेंद्र को विदेशी नंबरों से कॉल किया। हरि बॉक्सर ने 3 करोड़ रूपए की व्यवस्था करने को कहा। गोलियों से और ग्रेनेड बम से जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में मानवेंद्र सिंह चौहान ने खाटूश्यामजी पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस को दी शिकायत में मानवेंद्र सिंह चौहान पुत्र कालूसिंह निवासी वार्ड नंबर 3 खाटूश्यामजी ने बताया कि उसके मोबाइल नंबर पर 4 जनवरी को विदेशी नंबरों से व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले ने कहा कि मैं हरि बॉक्सर, लॉरेंस विश्नोई ग्रुप से बोल रहा हूं। कल शाम तक 3 करोड़ रुपए की व्यवस्था करके सेटलमेंट कर लेना। अन्यथा मरने के लिए तैयार रहना। इस बात को हल्के में मत लेना। मैं तुम्हारे घर पर आकर गोलियों से, ग्रेनेड(बम) से जान से मार दूंगा और मरवा दूंगा। मानवेंद्र सिंह चौहान की रिपोर्ट पर पुलिस ने संगठित अपराध सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज करके इन्वेस्टिगेशन शुरू कर दिया है। मामले में खाटूश्यामजी थाना SHO इंस्पेक्टर पवन कुमार चौबे का कहना है कि मानवेंद्र सिंह चौहान की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज करके इन्वेस्टिगेशन शुरू कर दिया है। विदेशी नंबरों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। बता दें कि सीकर जिले में रोहित गोदारा गैंग और लॉरेंस गैंग करीब एक दर्जन लोगों को धमकियां दे चुकी है। खाटूश्यामजी और फतेहपुर में पहले भी कई धमकियां मिल चुकी है। फतेहपुर में मिली धमकियों और सदर थाने में ट्रांसपोर्ट कारोबारी को मिली धमकियों के मामले में पुलिस ने लोकल मीडिएटर्स को गिरफ्तार किया था। जो यहां पर कारोबारी और हाई प्रोफाइल लोगों की रैकी करके विदेश में बैठे गैंगस्टर को नंबर प्रोवाइड करवाते हैं। मानवेंद्र सिंह चौहान पेशे से होटल संचालक है। इनका खाटू में मंदिर परिसर के पास ही होटल है। इनके पिता कालू सिंह पूर्व में मंदिर कमेटी के कोषाध्यक्ष रह चुके हैं। यह खबर भी पढ़ें : अनाज कारोबारी से गैंगस्टर ने मांगी फिरौती,मारने की दी धमकी:बोले- रुपए नहीं देने पर अंजाम भुगतने को तैयार रहना; फर्जी पासपोर्ट से विदेश भागा हुआ खाटूश्यामजी में अनाज कारोबारी से गैंगस्टर वीरेंद्र चारण और राहुल रिणाउ ने फिरौती मांगी है। रुपए नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी है। गैंगस्टर ने वॉट्सऐप पर वॉयस कॉल और वॉयस नोट भेजा है।(पूरी खबर पढ़ें) खाटूश्यामजी सहकारी समिति अध्यक्ष को गैंगस्टर ने धमकी दी:विदेशी नंबरों से वॉट्सएप पर कॉल किया, डेढ़ महीने पहले लॉरेंस गैंग से भी मिली थी धमकी सीकर जिले के हाई प्रोफाइल लोगों को फिरौती के लिए लगातार धमकाया जा रहा है। सीकर के खाटूश्यामजी सहकारी समिति के अध्यक्ष श्याम सुंदर पूनियां को रोहित गोदारा ने विदेशी नंबरों से कॉल करके फिरौती के लिए धमकी दी। श्यामसुंदर पूनियां ने खाटूश्यामजी पुलिस थाने में मुकदमा भी दर्ज करवाया है। डेढ़ महीने पहले पूनिया को लॉरेंस गैंग से भी धमकी मिल चुकी है।(पूरी खबर पढ़ें)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *