झालावाड़ के खानपुर कस्बे में पुराने टायरों के गोदाम से हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और चोरी किए गए 35 ट्रक टायर बरामद किए गए हैं। कुल 145 टायरों की चोरी हुई थी। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि 29 दिसंबर को झालावाड़ निवासी बबलू सैन और उसके साथियों ने गोदाम से पुराने ट्रक टायर चुराए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए खानपुर थानाधिकारी सीआई रविंद्र सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी बबलू सैन (33) पुत्र श्यामसुंदर सैन, लोकेश पांचाल (28) पुत्र घनश्याम, चौथमल (24) पुत्र कृपाराम, पप्पू खान (48) पुत्र जुल्फकार और हाफिज साहब उर्फ अकबर खान (52) पुत्र अनवर खान को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी झालावाड़ और कोटा जिले के निवासी हैं। इस संबंध में 11 जनवरी को खानपुर के पुराना बस स्टैंड निवासी राशिद राजा (34) पुत्र ख्वाजा मोहम्मद ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। राशिद राजा पुराने टायरों की खरीद-फरोख्त का व्यवसाय करते हैं। उन्होंने निर्मल रेजीडेंसी के पास एक किराए के प्लॉट में टायरों का गोदाम बना रखा था, जो चारदीवारी और ताले से सुरक्षित था। राशिद राजा ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि पिछले तीन महीनों से उनके गोदाम से ट्रक टायर चोरी हो रहे थे। 20 दिसंबर को उन्होंने सीसीटीवी कैमरे लगवाए, जिसमें 29 दिसंबर की रात 2-3 लोग एक तिपहिया ऑटो में टायर चुराते हुए कैद हो गए। फुटेज की जांच के बाद मुख्य आरोपी बबलू सैन की पहचान हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की और अब इस चोरी का खुलासा किया है। शेष चोरी हुए टायरों की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।


