खान निदेशालय:गंगापुरा कैचमेंट एरिया में क्ले की नीलामी के लिए कमेटी गठित

खान निदेशालय ने कोलायत तहसील के गंगापुरा कैचमेंट एरिया में अवैध खनन से जमा करीब 12 लाख टन क्ले की नीलामी के लिए कमेटी गठित कर दी गई है। यह कमेटी ई-ऑक्शन के लिए क्ले की दर, प्रक्रिया और शर्तें तय करेगी। ‘भास्कर’ ने तीन जनवरी के अंक में ‘गंगापुरा कैचमेंट एरिया में क्ले नीलामी की गेंद एक-दूसरे के पाले में डाल रहे जिम्मेदार अधिकारी, बोली लगना मुश्किल’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। उसके बाद खान निदेशालय ने इस संबंध में रिपोर्ट मांग ली। एसएमई एनके बैरवा ने निदेशालय को रिपोर्ट भेजी है। निदेशालय ने खनि अभियंताओं की अनुशंसा पर गंगापुरा कैचमेंट एरिया में 74 मिश्रित भंडारों में 12,09,613 टन बाल क्ले की नीलामी के लिए एक कमेटी का गठन कर दिया गया है। कमेटी में एडीएम खान बीकानेर जोन अध्यक्ष होंगे। इसके अलावा एसएमई बीकानेर वृत्त, अधीक्षण भू वैज्ञानिक बीकानेर को सदस्य बनाया गया है। खनि अभियंता बीकानेर सदस्य सचिव और लेखाधिकारी या सहायक लेखाधिकारी प्रथम निदेशालय उदयपुर सदस्य होंगे। यह कमेटी गंगापुरा में क्ले का ई-ऑक्शन करने के लिए मूल्य, प्रक्रिया, शर्तें तय करेगी और जब्तशुदा खनिज का निस्तारण करेगी। गौरतलब है कि खनन माफियाओं ने गंगापुरा कैचमेंट एरिया में तीन साल तक जमकर अवैध खनन और निर्गमन किया। पिछले दिनों सरकार चेती और एमई बीकानेर एमपी पुरोहित को निलंबित करने के बाद मौके पर आकलन किया गया तो क्ले की 74 मिश्रित ढेरियों में 20,05,546 क्यूबिक मी. खनिज माना गया। इसमें 12,09,613 टन क्ले ई-ऑक्शन के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *