राजगढ़ जिले में शुक्रवार को कृषि विभाग की टीम ने खिलचीपुर मार्केटिंग सोसाइटी और जीरापुर डबल लॉक केंद्र का निरीक्षण किया। उप संचालक कृषि सचिन जैन और सहायक संचालक कृषि प्रहलाद सिंह बारेला ने स्टॉक की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण में पाया गया कि दोनों केंद्रों पर यूरिया पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। किसानों की सुविधा को देखते हुए उप संचालक कृषि ने मार्कफेड के डीएमओ को खिलचीपुर सोसाइटी को 50 मीट्रिक टन और जीरापुर डबल लॉक केंद्र को 75 मीट्रिक टन अतिरिक्त यूरिया उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में उर्वरक की कोई कमी नहीं है। किसान सहकारी समितियों और निजी विक्रेताओं से अपनी आवश्यकतानुसार खाद प्राप्त कर सकते हैं। सभी उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर विभागीय अधिकारियों के संपर्क नंबर बोर्ड पर प्रदर्शित किए गए हैं। इससे किसानों को किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल संपर्क करने में मदद मिलेगी। जिले में वर्तमान उर्वरक स्थिति इस प्रकार है- यूरिया: कुल प्राप्ति 58,500.601 मीट्रिक टन, वितरण 53,608 मीट्रिक टन, शेष स्टॉक 4,892 मीट्रिक टन। डीएपी: कुल प्राप्ति 17,652 मीट्रिक टन, वितरण 15,693 मीट्रिक टन, शेष 2,059 मीट्रिक टन। एसएसपी: कुल प्राप्ति 41,347 मीट्रिक टन, वितरण 33,175 मीट्रिक टन, शेष 8,172 मीट्रिक टन। एनपीके: कुल प्राप्ति 21,983 मीट्रिक टन, वितरण 18,612 मीट्रिक टन, शेष 3,371 मीट्रिक टन। कृषि विभाग के अनुसार, जिले भर में सभी प्रकार के उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और किसानों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।


