राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में गुरुवार रात पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में दो युवकों पर चाकू से हमला किया गया। पुलिस ने इस मामले में शुक्रवार शाम को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है। यह घटना गुरुवार रात मंडी रोड पर हुई। दो पक्षों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला चाकूबाजी तक पहुंच गया। इस दौरान एक पक्ष के युवकों ने सूरज मेवाड़े (20) और उनके दोस्त गौतम मेवाड़े (18) पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक घायल हो गए। उन्हें तत्काल खिलचीपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने इस हमले के आरोप में रोशन (20), हर्षित (20), मिलन (25) और नीरज (27) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात सूरज और गौतम की इन चारों युवकों से पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी हुई थी, जो बाद में विवाद में बदल गई और चाकू से हमला किया गया। हालांकि, पकड़े गए युवकों का कहना है कि उन्होंने चाकू नहीं मारा, बल्कि भीड़ में किसी और ने हमला किया और उनका नाम आ गया। पुलिस ने सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश है।


