खिलचीपुर में हिंदू सम्मेलन को लेकर चल समारोह शुरू:शिवाजी-झांसी की रानी, संत नामदेव जी और जीवंत झांकियां बनी आकर्षण का केंद्र

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में बुधवार को हिंदू सम्मेलन के तहत भव्य चल समारोह निकाला गया। सुबह 11:30 बजे झालावाड़ नाके के पास स्थित लालदास मंदिर से शुरू हुए इस समारोह में एक हजार से अधिक लोग शामिल हुए। महिलाओं, पुरुषों, युवाओं और युवतियों ने भगवा वस्त्र व पगड़ी पहनकर सहभागिता की। चल समारोह में डीजे के साथ बजरंग अखाड़ा सबसे आगे था, जहां युवाओं ने शारीरिक संतुलन और साहस के करतब दिखाए। उनके पीछे हिंदू वीरांगना वाहिनी की युवतियों और बालिकाओं ने लाठियों के साथ तलवारबाजी और लाठी के प्रदर्शन किए, जो दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहे। सैकड़ों महिलाएं सिर पर कलश लेकर अनुशासित ढंग से चल रही थीं, जो आयोजन की धार्मिक गरिमा को दर्शा रहा था। घोड़ों पर सवार महिलाओं ने झांसी की रानी का रूप धारण किया था, जबकि एक बच्चे ने शिवाजी महाराज और एक युवती ने रानी दुर्गावती का किरदार निभाया, जो लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। चल समारोह में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान जी की भव्य झांकी एक ट्रॉली में निकाली गई। रथ पर भगवान राम, वाल्मीकि समाज के महर्षि वाल्मीकि, अहिरवार समाज के संत शिरोमणि रविदास और मेड़लवाल समाज की फलोदी माता की झांकियां भी शामिल थीं। नामदेव समाज ने संत शिरोमणि नामदेव और भगवान विट्ठल की झांकी प्रस्तुत की, जिसमें पप्पू नामदेव ने संत नामदेव का किरदार निभाया। समाजजन झांझ-मंजीरे के साथ कीर्तन करते हुए चल रहे थे। रोशन साहू भगवान शंकर के रूप में दिखे, जिनके तीसरे नेत्र से निकलती आग ने दर्शकों को आकर्षित किया। उनके पीछे छोटे बच्चे राम, लक्ष्मण और सीता के बाल रूप में चल रहे थे। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी आश्रम द्वारा चेतन देवियों की झांकी के साथ मीराबाई, माता अहिल्याबाई, भारत माता और कालिका माता की झांकियां भी शामिल थीं। यह चल समारोह बस स्टैंड, तोपखाना गेट, सुभाष चौक, सराफा बाजार, पिपली बाजार और पटवा बाजार से होते हुए स्टेडियम ग्राउंड पहुंचा। चल समारोह के समापन के बाद स्टेडियम ग्राउंड पर धर्मसभा का आयोजन किया जाएगा। देखें तस्वीरें

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *