खिलचीपुर में RSS का भव्य पथ संचलन:घोष की गूंज, पुष्पवर्षा के बीच कदमताल करते निकले सैकड़ों स्वयंसेवक

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में विजय दशमी के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का भव्य पथ संचलन शुक्रवार को खिलचीपुर नगर में अनुशासन और उत्साह के साथ निकाला गया। संघ के शताब्दी वर्ष महोत्सव के अवसर पर नगर की सड़कों पर गणवेशधारी स्वयंसेवकों की कदमताल घोष की धुन के साथ गूंज उठी। जगह-जगह सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर पथ संचलन का स्वागत किया। शाम 5 बजे नगर के इमली स्टैंड स्थित शुभम गार्डन और सोमवारिया से गणवेशधारी हजारों स्वयंसेवक एकत्र हुए। खाकी पैंट, काली टोपी, सफेद शर्ट और हाथों में दंड धारण किए स्वयंसेवक घोष की ताल पर अनुशासित कदम बढ़ाते हुए नगर भ्रमण पर निकले। दोनों दल का संगम इमली स्टैंड पर हुआ, जहां लोगों ने फूल बरसाकर स्वागत किया। यहां से विशाल पथ संचलन अस्पताल रोड, तहसील चौराहा और रेस्ट हाउस चौराहा से होता हुआ कन्या शाला स्कूल मैदान पहुंचा। मैदान पर विशेष अतिथि रोहित नागर, खण्ड संचालक मांगीलाल कुंभकार और प्रान्त कार्यवाह हेमंत सेठिया ने शस्त्र व शास्त्र पूजन किया। इस अवसर पर प्रान्त कार्यवाह हेमंत सेठिया ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि संघ का उद्देश्य समाज में अनुशासन, सेवा और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने पथ संचलन को संगठन की शक्ति और समाज के प्रति समर्पण का प्रतीक बताया। नगरवासियों ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि दशहरे के बाद शताब्दी वर्ष में आयोजित यह पथ संचलन अनुशासन, एकता और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों का प्रेरक संदेश देता है। देखिए तस्वीरें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *