टोंक में शनिवार को एक चारागाह जमीन पर पूजा-अर्चना का सामान मिला तो लोगों ने गड़े धन की आशंका जताई। सूचना ग्रामीणों और पुलिस तक पहुंचीं। इसके बाद तहसीलदार और निवाई थाना प्रभारी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और जेसीबी से खुदाई शुरू की। करीब आधा घंटे खुदाई के बाद 100- 150 किलो वजनी अज्ञात धातु का करीब 2 फीट ऊंचाई और डेढ़ फीट चौड़ाई का घड़ा निकला, जिसमें सोने जैसी धातु के टुकड़े निकले। इसके बाद लोगों की भीड़ टूट पड़ी और घड़े में रखा सामान लूटकर भागने लगी। भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस ने व्यवस्था संभाली और मुश्किल से धातुओं को कलेक्ट कर वापस घड़े में रखा। घटना निवाई थाना क्षेत्र के सीदड़ा गांव की चारागाह भूमि पर शाम करीब साढ़े 5 बजे हुई। पहले देखिए 3 तस्वीरें… घड़ा निकला तो ग्रामीण लूटने दौड़े
पंचायत समिति सदस्य रामकिशोर मीना ने बताया- सीदडा के जंगल में जेसीबी से खुदाई के दौरान जमीन के अंदर से एक ‘चरा’ (बड़ा घड़ा) मिला है। इस जगह पर पहले फूल, अगरबत्ती और पूजा-पाठ का अन्य सामान भी बिखरा हुआ था। उस जगह की पहले खुदाई भी हो रखी थी। इसकी सूचना जैसे ही गांव के लोगों को लगी तो आस-पास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग वहां आ पहुंचे। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी। सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। सीआई घासीराम मीना के साथ पुलिस की 3-4 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया और घटनास्थल का मुआयना शुरू कर दिया है। मौके पर मौजूद सरपंच रामसहाय मीणा भी स्थिति का जायजा लेने पहुंचे। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह खुदाई किसने करवाई थी और क्या वाकई में यह गड़े धन का मामला है या कुछ और। पुलिस मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है। इनपुट: रामबिलास लांगड़ी, निवाई।


