भास्कर न्यूज | बेनूर ग्राम पंचायत बेनूर के आश्रित नऊपारा में रामनाथ राणा के घर के समीप स्थित ट्रांसफार्मर का करंट बोर्ड लंबे समय से खुला पड़ा हुआ था। हैरानी की बात यह थी कि करंट बोर्ड को ढकने के लिए उसमें दरवाजा तक नहीं लगा था, जिससे शॉर्ट-सर्किट और बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। खुले करंट बोर्ड के नीचे छोटे पौधे उग आए थे, जिससे खतरा और बढ़ गया था। यह ट्रांसफार्मर नारायणपुर जाने वाले मुख्य मार्ग के किनारे स्थित है, जहां दिनभर लोगों, बच्चों, राहगीरों, मवेशियों व वाहनों की आवाजाही रहती है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर 27 दिसंबर को इस गंभीर समस्या को भास्कर ने प्रकाशित किया था। इसके बाद बेनूर विद्युत कार्यालय में पदस्थ विद्युतकर्मियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। विद्युत विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर के नीचे खुले फ्यूज बॉक्स को टीन का मजबूत दरवाजा लगाकर ढांका गया। इस पहल से संभावित दुर्घटना का खतरा टल गया है और राहगीर सहित ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। स्थानीय नागरिकों ने समय पर कार्रवाई के लिए विद्युत विभाग का आभार व्यक्त किया है।


