खेत की रखवाली करने गए किसान की रविवार रात करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। फसल की सुरक्षा के लिए किसान ने खेत की फेसिंग में खुद तार बिछाई थी। घटना पचपेड़ी थाना क्षेत्र की है। पचपेड़ी के ग्राम कुकर्दीकला निवासी बिहारीलाल यादव (68) किसान था। उसने अपने खेत में रबी की फसल लगाई है। खेत की सुरक्षा के लिए चारों ओर तार की फेंसिंग कराई थी। फसल की रखवाली के लिए वह रोज की तरह रविवार रात खेत गया था। सुबह जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजन खेत गए। खेत के मेड़ पर परिजनों को बिहारीलाल की लाश फेसिंग में लगे बिजली के तार में फंसी मिली। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पंचनामा कर पोस्ट मार्टम कराया। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में ग्रामीणों ने बताया कि मवेशियों से अपनी फसल को बचाने के लिए बिहारीलाल ने खेत में बिजली का तार बिछा रखा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में पुलिस मृतक के परिजन व नजदीकी लोगों से पूछताछ करेगी। पुलिस पीएम रिपोर्ट का आने का इंतजार कर रही है।


