खेत पर जाने के लिए किसान ने मांगा हेलिकॉप्टर:उज्जैन के किसान की CM से गुहार, कहा- हाइवे बनने से कोई रास्ता नहीं बचा

उज्जैन के एक किसान ने अपने खेत पर जाने के लिए मुख्यमंत्री से हेलिकॉप्टर की मांग की है। किसान ने गुरुवार को घट्टिया क्षेत्र के एसडीएम को आवेदन दिया है। जिसमें बताया है कि हाल ही में गरोठ हाइवे बनने से खेत पर जाने का कोई रास्ता नहीं बचा है। दरअसल, वर्ष 2023 में उज्जैन गरोठ हाइवे के निर्माण के दौरान उटेसरा गांव के किसान मानसिंह राजोरिया की 5 बीघा जमीन पर से हाईवे का निर्माण हुआ था। जिसमें एक तरफ 3.5 बीघा तो दूसरी और 1.5 बीघा जमीन रह गई। किसान के खेत पर से करीब दो मीटर ऊंचा हाईवे बनाया गया जिसमें खेत पर जाने के लिए ना तो अंडर पास बना ना ही आसपास के किसानों ने खेत पर जाने के लिए जगह दी। खेत पर जाए कैसे
अब किसान के सामने समस्या खड़ी हो गई की वो अपने खेत पर जाए कैसे। ट्रैक्टर, बैलगाड़ी या किसी अन्य गाड़ी से भी नहीं जा सकते है। जिसके कारण खेत जाने के सभी रास्ते बंद हो गए, जिससे खेती नहीं कर पा रहे हैं। रास्ते के लिए तहसीलदार,एसडीएम कलेक्टर को कई आवेदन दिए गए। सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की गई। इसके बाद भी जब निराकरण नहीं निकला तो किसान ने खेत जाने के हेलिकॉप्टर की मांग कर दी। आवेदन दे देकर थक गया, घिस गई चप्पल
किसान मानसिंह ने आवेदन में लिखा है कि कई बार आवेदन दिए गए। आवेदन दे देकर थक चुका हूं। चप्पलें तक घिस गई हैं। ऐसे में खेत पर जाने के लिए हेलिकाप्टर मांग रहा हूं, जिससे अपने परिवार का पोषण कर सकूं। अगर खेत के लिए रास्ता नहीं मिला तो मेरे परिवार को सिर्फ जहर देना पड़ेगा। तीन वर्ष से कर रहे हैं शिकायत
किसान की मां गीता बाई और पिता रामलाल ने कहा कि बीते तीन वर्षों से हाईवे का काम चल रहा है। कई बार शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। लहसुन-प्याज की फसल भी जैसे-तैसे निकाली। आवेदन मिला निराकरण करेंगे
घट्टिया तहसील एसडीएम राजाराम करजरे ने कहा खेत पर रास्ता निर्माण को लेकर किसान मानसिंह की हेलिकॉप्टर की मांग को लेकर आवेदन मिला है। जिसे गंभीरता से लिया है। जल्द ही इसका निराकरण करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *