कोटा ग्रामीण के कनवास थाना क्षेत्र के बास्याहेड़ी गांव में आज खेत में काम के दौरान एक युवक की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई। मृतक की पहचान राजेन्द्र कुमार बंजारा (31) के रूप में हुई है। पिता रतनलाल ने बताया की राजेन्द्र खेत में लहसुन की फसल में पानी देने गया था। इसी दौरान खेत में गाय घुस आई, जिसे भगाने के लिए वह गाय के पीछे दौड़ा। दौड़ते समय अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह खेत में ही गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे संभालने की कोशिश की, लेकिन वह बेहोश हो चुका था। सूचना मिलने पर परिजन तुरंत खेत पर पहुंचे। राजेन्द्र को गंभीर हालत में कनवास हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे कोटा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन वहां ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता रतनलाल ने बताया कि उनके बेटे की मौत गाय भगाने के दौरान अचानक आए हार्ट अटैक के कारण हुई। उन्हें एक ही बेटा था। घटना के बाद कनवास थाना पुलिस ने मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।


