झालावाड़ के खानपुर उपखंड के बन्या गांव में एक किसान पर लेपर्ड ने हमला कर दिया। खेत पर काम कर रहे किसान श्याम नागर (56) हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। किसान श्याम नागर ने बताया कि वह सुबह करीब 9 बजे अपने खेत पर थे, तभी जंगल की ओर से आए एक लेपर्ड ने उन पर अचानक हमला कर दिया। उन्होंने अपना बचाव करने की कोशिश की, जिसके बाद लेपर्ड वहां से भाग गया। हमले में श्याम नागर के चेहरे और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल किसान को तुरंत झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। परिजनों ने बताया कि लेपर्ड ने पहले भी एक पशु पर हमला किया था, लेकिन वह बच निकला था। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है और कई लोग डर के कारण अपने घरों में दुबक गए। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और प्रशासन को अवगत कराया गया है। वन विभाग की टीम लेपर्ड की तलाश में जुटी हुई है और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है।


