भरतपुर के सेवर थाना इलाके में खेत में क्यारी बनाते समय हुए ब्लास्ट के बाद एक किसान घायल हो गया था। इलाज के दौरान किसान की जयपुर में मौत हो गई है। शव के पोस्टमार्टम के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। पोस्टमार्टम में किसान के शव के अंदर से गोली का छर्रा निकला है। खेत में क्यारी बनाते समय गोली का छर्रा किसान के प्राइवेट पार्ट (गुदा) से होते हुए सीने में पहुंच गया। जिससे किसान की बॉडी में इंफेक्शन फ़ैल गया। घटना 20 दिसंबर की है। बगदारी गांव के रहने वाले किसान मुंशी अपने खेत में क्यारी बना रहे थे। फावड़े से जमीन खोदते समय अचनाक तेज आवाज हुई और वह उछल कर जमीन पर गिर गए। जिसमें वह घायल हो गए। आसपास काम कर रहे किसानों ने उन्हें आरबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां किसान मुंशी ने बताया की जमीन में फावड़ा चलाते समय अचानक तेज की आवाज हुई और, वह करीब 5 फुट हवा में उछलकर जमीन पर गिर गए। घटना की सूचना पर सेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद आसपास जांच की गई। खेत में जगह-जगह खुदाई करवाई गई लेकिन, ऐसी कोई चीज सामने नहीं आई। पुष्पेंद्र ने बताया की, 21 दिसंबर को अचानक उसके ताऊ मुंशी राम की तबियत बिगड़ गई। जिसके बाद उन्हें आरबीएम अस्पताल से जयपुर रेफर कर दिया गया। जहां उनकी कल देर रात मौत हो गई। आज उनके शव को भरतपुर लाया गया और अंतिम संस्कार किया गया। जयपुर में मेरे ताऊ के शव का पोस्टमार्टम किया गया। इस दौरान उनके सीने से एक गोली का छर्रा निकला है। जब इसके बारे में उन्होंने जयपुर में डॉक्टर से पूछा तो, उन्होंने बताया की मुंशी राम के गोली का छर्रा गुदा से होता हुआ शरीर के अंदर प्रवेश किया है और धीरे-धीरे सीने तक पहुंच गया है। सेवर थाना अधिकारी रणवीर सिंह ने बताया की, 20 दिसंबर को घटना की सूचना हमें मिली थी। जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जांच की गई लेकिन, धमाके जैसी कोई चीज नजर नहीं आई। आसपास काम कर रहे किसानों ने पूछा तो, उन्होंने बताया की धमाका हुआ था। घायल किसान ने भी पुलिस को बताया की आसपास मुझे कोई व्यक्ति नहीं आया धमाका हुआ था जिसके बाद वह उछलकर जमीन पर गिर गया जिससे वह घायल हो गया। किसान को जयपुर रेफर किया गया था। जहां इलाज के दौरान किसान की मौत हो गई। अब उसके परिजनों ने शिकायत देते हुए बताया है मुंशी राम की किसी ने हत्या की है। जिसमें 4 लोगों पर आरोप लगाया गया है। मामले की जांच की जा रही है।


