भास्कर न्यूज | पाटन पाटन थाना क्षेत्र में सोमवार को राष्ट्रीय जनता दल पिछड़ा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष जयशंकर ठाकुर (52) का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। शव पाटन पुलिस ने उताकी गांव से सटे एक खेत से बरामद किया। मृतक के शरीर पर जलने के निशान पाए गए हैं। परिजनों का आरोप है कि उन्हें एसिड से जलाकर मारा गया है। ग्रामीणों और परिजनों ने बताया कि जयशंकर ठाकुर रोज की तरह सुबह करीब साढ़े छह बजे खेत गए थे। लेकिन जब चार घंटे तक घर नहीं लौटे तो उनका बेटे खोजने निकला। घर से करीब आधा किलोमीटर दूर कुएं के पास उनका शव पड़ा मिला। परिजनों ने कहा कि पहाड़ की लीज बंद करवाने के बाद से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं। इस कारण हत्या की आशंका डॉग स्कवाड घूमकर कर घटनास्थल पर रुक गया मौके पर पाटन थाना पुलिस टीम के साथ डॉग स्क्वॉड भी पहुंचा। लेकिन डॉग स्क्वॉड घटनास्थल से आसपास ही घूमकर रुक गया और किसी संदिग्ध तक नहीं पहुंच सका। थाना प्रभारी शशि शेखर पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या मामला वज्रपात से मौत का प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण की पुष्टि हो पाएगी। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि सुबह से मौसम साफ था और इलाके में वज्रपात की कोई घटना नहीं हुई।


