शहडोल के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के ग्राम हुडरहा में एक किसान की करंट लगने से मौत हो गई। नंदलाल सिंह गोंड (43) अपने खेत में काम करने गए थे, जहां पड़ोसी के खेत में आलू की फसल बचाने के लिए लगाए गए जीआई तारों में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से उनकी जान चली गई। शुक्रवार सुबह खेत में उनका शव मिला। देर शाम को खेत में काम करने गए थे पुलिस के अनुसार, मृतक नंदलाल सिंह गोंड (43 वर्ष) ग्राम हुडरहा निवासी दशरथ सिंह गोंड के बेटे थे। परिजनों ने बताया कि नंदलाल प्रतिदिन की तरह अपने खेत में काम करने गए थे। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। शुक्रवार को खेत के पास नंदलाल का शव पड़ा मिला, जिसके बाद परिजनों ने तत्काल जयसिंहनगर थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि नंदलाल के खेत से सटे एक अन्य खेत में आलू की फसल लगी थी। अवैध रूप से प्रवाहित करंट की चपेट में आकर मौत इस खेत के मालिक ने फसल को जंगली और आवारा जानवरों और बंदरों से बचाने के लिए खेत के चारों ओर लगी जीआई तारों में अवैध रूप से करंट प्रवाहित कर रखा था। इसी करंट की चपेट में आने से नंदलाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने शुक्रवार को इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। करंट लगाने वाले खेत मालिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने खेतों में अवैध रूप से करंट लगाने जैसी प्रवृत्तियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।


