भास्कर न्यूज| जशपुरनगर अखिल भारतीय रौतिया समाज विकास परिषद छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में आयोजित जोन स्तरीय वार्षिक सम्मेलन व खेलकूद कार्यक्रम का आयोजन मध्य जोन के ग्राम नारायणबहली में किया गया। इसमें बतौर मुख्य अतिथि गोविंद सिंह, रंजीत सिंह, राहुल सिंह, ईश्वर सिंह, रतियो बाई, बसंती बाई व विशिष्ट अतिथि पालुराम प्रधान, बंधन सिंह और प्रताप सिंह प्रधान उपस्थित रहे। उद्घाटन कार्यक्रम के शुरुआत में कार्यकारी अध्यक्ष प्रताप सिंह ने समाज बंधुओं और माताओं बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम ही हमारे संगठन के एकता का आधार है। उन्होंने दिल्ली प्रवास और आगामी दिल्ली टीम के सर्वेक्षण दौरे व समाज के कार्य प्रगति को लेकर बताया कि आज हमारी एकता की वजह से दिल्ली में कोई यह नहीं पूछता ही आपके समाज की पहचान क्या है। उन्होंने इसे करम राजा की कृपा और समाज बंधुओं की मेहनत बताया। उनको करमा पूजा को हमारे समाज का पहचान और मोठा लूगा(साड़ी) को स्वाभिमान कहा। इसे पीढ़ी दर पीढ़ी से बतौर परिधान उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा कि जिस कठिन लड़ाई को लेकर मुझे जिम्मेदारी मिली है मैं उसे हर परिस्थिति में पूरा करूंगा। कई विषम परिस्थितियों में जब कमजोर पड़ा हूं तब तब मुझे मंडल पदाधिकारियों और समाज बंधुओं का सहयोग नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने को प्रोत्साहित करती है। ग्राम नारायणबहली में सैकड़ों समाज बंधुओं एवं माताओं बहनों के उपस्थिति में उद्घाटन कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।


