खेलते-खेलते गड्‌ढे में गिरी बच्ची,ऊपर मशीन से डालते रहे रोड़ी:दम घुटने से मौत हुई, बेटी के शव को सीने से लगाकर रोता रहा पिता

खैरथल-तिजारा में क्रेशर में पत्थर कटिंग के दौरान 4 साल की बच्ची 15 फीट गहरे गड्ढे में गिर गई। इस दौरान मशीन चलाने वाले ने उसके ऊपर रोड़ी डाल दी। दम घुटने से बच्ची की मौत हो गई। घटना तिजारा के हसनपुर माफी गांव की 20 नवंबर की है। इसका वीडियो सोमवार को सामने आया। थानाधिकारी जयप्रकाश ने बताया- सूचना मिली कि क्रेशर की रोड़ी में 4 साल की बच्ची की दबने से मौत हो गई है। क्रेशर मालिक और परिजन बच्ची का अंतिम संस्कार करने जा रहे हैं। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर तिजारा उप जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। 3 तस्वीरों में देखिए मामला…. खेलते-खेलते गड्ढे के पास पहुंची थी बच्ची
पुलिस ने बताया- गांव में भारती स्टोन नाम से क्रेशर मशीन है। इस पर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज (शंकरगढ़) निवासी अमित और उसकी पत्नी काम करते हैं। दोनों की दो बेटियां थीं। बड़ी बेटी परी (4) 20 नवंबर की शाम को खेलते-खेलते क्रेशर के ढेर के पास पहुंच गई। इस दौरान पैर फिसलने से वह पास में बने 15 फीट के गड्ढे में गिर गई। इस दौरान क्रेशर मशीन चल रही थी और आसपास काम कर रहे लोगों को इसका अंदाजा नहीं लगा। पुलिस ने बताया- शाम को अमित की पत्नी ने जब परी को काफी देर तक नहीं देखा तो उसकी तलाश शुरू की। मगर परी का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद परी की छोटी बहन से इशारों से पूछा तो उसने गड्ढे की ओर इशारा कर दिया। इसके बाद मौके पर मौजूद मजदूरों ने फौरन जेसीबी की मदद से खुदाई कर बच्ची को बाहर निकाला। मगर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। विधायक बोले-क्रेशर मालिक की लापरवाही
मामले को लेकर विधायक महंत बाबा बालकनाथ ने कहा- 21 नवंबर को परिजनों से फोन पर बात की थी और उन्हें 22 नवंबर को जनसुनवाई में बुलाया था। अब परिजन न तो फोन उठा रहे हैं और न ही जनसुनवाई में आए। विधायक का दावा है कि क्रेशर मालिकों ने डर के कारण परिजनों को उत्तर प्रदेश भेजकर गायब कर दिया है। पुलिस ने बताया हादसा, विधायक बोले- न्याय दिलाऊंगा
विधायक ने कहा- अगर क्रेशर बंद होता तो 15 फीट गहरे गड्ढे में बच्ची कैसे गिरती और ऊपर से गिट्टी कैसे चढ़ती? यह हत्या है, दुर्घटना नहीं। मैं बच्ची और उसके माता-पिता को पूरा न्याय दिलवाऊंगा। मामले को लेकर तिजारा थानाधिकारी जयप्रकाश ने बताया कि गिट्टी के ढेर में पैर फिसलने से बच्ची गड्ढे में गिरी और दम घुटने से मौत हो गई। एनसीआर में ग्रैप-3 लागू, मगर क्रेशर और खनन की गतिविधि जारी
बता दें कि पूरे एनसीआर में 11 नवंबर से ग्रैप-3 लागू किया गया है। इसके चलते इस क्षेत्र में क्रेशर, खनन गतिविधियों और किसी भी तरह के निर्माण की गतिविधियां सहित किसी भी प्रकार का निर्माण पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद हसनपुर माफी सहित पूरे तिजारा क्षेत्र में क्रेशर और माइन संचालित हो रहे हैं। ……. यह भी पढ़ें पानी से भरे गड्ढे में गिरा बच्चा,मौत:दोस्त के साथ खेल रहा था, बिना पोस्टमॉर्टम शव ले गए परिजन किशनगढ़ के सिलोरा रीको औद्योगिक क्षेत्र में पानी में डूबने से 5 साल के बच्चे की मौत हो गई। बच्चा गड्ढे के पास एक दोस्त के साथ खेल रहा था। दोस्त के चिल्लाने पर लोग वहां पहुंचे और बच्चे को बाहर निकाला। (यहां पढ़ें पूरी खबर)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *