खेलभावना के साथ हुआ सांसद खेल महोत्सव-2025 समापन समारोह:केंद्रीय मंत्री शेखावत बोले- फिट इंडिया ही हिट इंडिया है, भारत खेलेगा तो भारत खिलेगा

फिट इंडिया एवं खेलो इंडिया की राष्ट्रीय संकल्पना को धरातल पर साकार करता सांसद खेल महोत्सव 2025 का भ समापन समारोह गुरुवार को क्रीड़ा संगम गौशाला मैदान में समारोहपूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन का शुभारंभ उद्घाटन घोषणा एवं ध्वजारोहण के साथ हुआ, जिसके पश्चात मशाल रिले, मार्च-पास्ट एवं अभिमुख प्रयाण के माध्यम से खिलाड़ियों ने अनुशासन, एकता एवं खेल भावना का प्रेरक प्रदर्शन किया। समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और खिलाड़ियों व उपस्थित लोगों को संबोधित किया। केंद्रीय मंत्री बोले-पारंपरिक खेलों से मजबूत होती हैं जड़ें समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान के खिलाड़ियों ने न केवल देश में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सशक्त, स्वस्थ और आत्मनिर्भर भारत की नींव रखने का अभियान है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मंत्र “फिट इंडिया, हिट इंडिया” और “भारत खेलेगा तो भारत खिलेगा” आज यहां साकार होता दिखाई दे रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जो राष्ट्र शारीरिक रूप से फिट होता है, वही विकसित राष्ट्र बनता है। खिलाड़ियों के अनुशासन, परिश्रम और आत्मविश्वास को उन्होंने स्वस्थ भारत की आधारशिला बताया। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव की शुरुआत पारंपरिक खेलों के साथ पंचायत स्तर से की गई, जिसमें महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सक्रिय भागीदारी ने सामुदायिक भावना, समरसता और सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत किया। जिस वृक्ष की जड़ें मजबूत होती हैं, वह उतनी ही ऊंचाइयों तक पहुंचता है , यह महोत्सव उसी का उदाहरण है। पंजाब के कलाकारों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां समापन समारोह में वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में डॉ. प्रेम भंडारी एवं विरासत कल्चरल सोसायटी, धनोरा (पंजाब) द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। खेल, संस्कृति और राष्ट्रप्रेम के अद्भुत संगम का साक्षी बना यह समारोह दर्शकों के लिए अविस्मरणीय रहा। सहभागिता में जोधपुर संसदीय क्षेत्र देश में द्वितीय स्थान पर मिश्रा ने बताया कि सांसद खेल महोत्सव 2025 चार चरणों में आयोजित किया गया, जिसमें 1,30,056 खिलाड़ियों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया। ग्राम एवं शहरी स्तर से चयनित होकर 19,597 खिलाड़ी ब्लॉक स्तर तक पहुंचे तथा विधानसभा स्तर पर विजेता बने 1,619 खिलाड़ियों ने संसदीय स्तरीय प्रतियोगिताओं में सहभागिता दर्ज कराई। भागीदारी के मामले में जोधपुर संसदीय क्षेत्र ने देशभर में द्वितीय स्थान प्राप्त कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। खिलाड़ी कबड्डी, फुटबॉल, खो-खो, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, रस्साकशी, एथलेटिक्स एवं योगासन सहित कुल 8 खेल विधाओं में अपने कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं। ये रहे मौजूद समारोह में सूरसागर विधायक देवेन्द्र जोशी, शहर विधायक अतुल भंसाली, फलौदी विधायक पब्बाराम विश्नोई, पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी, पूर्व राज्यमंत्री प्रो. महेंद्र सिंह राठौड़, ज्योति ज्याणी, हनुमान सिंह खांगटा, जोधपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त उत्साह चौधरी, मनीष पुरोहित, गौरव जैन सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। हजारों की संख्या में खिलाड़ी एवं खेलप्रेमियों की मौजूदगी ने आयोजन को भव्यता प्रदान की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *