झारखंड राज्य मलखंब एसोसिएशन और खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के लिए झारखंड बालक-बालिका मलखंब टीम का चयन मंगलवार को संपन्न हुआ। चयन प्रक्रिया रांची के धुर्वा स्थित बंगीय सांस्कृतिक परिषद विद्यालय सेक्टर-2 के प्रांगण में की गई। इस खुली चयन प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों के लगभग 70 बालक-बालिकाओं ने भाग लिया। चयनित खिलाड़ियों के लिए 21 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर भी इसी विद्यालय परिसर में 10 अप्रैल से 30 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा, जो दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा। प्रशिक्षण शिविर की निगरानी मुख्य प्रशिक्षक अजय झा और सहायक प्रशिक्षकों विवेक कुमार, दिव्या कुमारी, निखिल कुमार एवं खुशबू कुमारी करेंगे। झारखंड की चयनित टीम 3 मई को बोधगया के लिए रवाना होगी, जहां 5 से 8 मई तक होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तहत मलखंब प्रतियोगिता में भाग लेगी।


