भास्कर न्यूज| महासमुंद बॉल बैडमिंटन महासंघ एशिया के तत्वाधान में इनडो नेपाल टेस्ट सीरीज पुरुष एवं महिला का आयोजन बीराट नगर, नेपाल में 1 से 5 जनवरी तक आयोजित किया गया। इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ से महिला वर्ग में लक्ष्मी चंद्राकर ग्राम पंचायत बेमचा महासमुंद का चयन भारतीय टीम में हुआ। लक्ष्मी पिता नरेश चंद्राकर ग्राम पंचायत बेमचा में निवास कर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेमचा खेल मैदान में अपनी प्रारंभिक अभ्यास करते हुए डॉ. सेवन दास मानिकपुरी व्यायाम शिक्षक बेमचा एवं प्रदेश सह सचिव अंकित लूनिया के मार्गदर्शन में कई राज्य स्तरीय प्रतियोगिता, राष्ट्रीय प्रतियोगिता, यूनिवर्सिटी खेल में शामिल हो चुकी है। अब ग्रामीण अंचल से निकलकर, महासमुंद एवं चेन्नई में अभ्यास करते हुए अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता नेपाल के लिए लक्ष्मी चंद्राकर का चयन हुआ। भारतीय टीम ने नेपाल को 3-0 से हराकर क्लीन स्वीप किया, जिसमें भारत ने नेपाल को 35-22, 35-20 अंको से पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम कर प्रदेश एवं जिले को गौरवांवित किया। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने लक्ष्मी को बधाई एवं उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। लक्ष्मी चंद्राकर पिता नरेश चंद्राकर के इस उपलब्धि के लिए सांसद लोकसभा महासमुंद रुप कुमारी चौधरी, जिला अध्यक्ष येतराम साहू, नपा अध्यक्ष निखिलकांत साहू, उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, डॉ. विमल चोपड़ा, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, भारतीय बॉल बैडमिंटन संघ महासचिव वाई राजा राव, छत्तीसगढ़ बॉल बैडमिंटन कार्यकारी अध्यक्ष इसरार अहमद, खेल अधिकारी खेल एवं युवा कल्याण महासमुंद मनोज कुमार धृतलहरे ने बधाई दी।


