खैरथल-तिजारा जिले के सभी प्राइवेट स्कूल को शीतकालीन अवकाश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक शिक्षा, खैरथल-तिजारा शकुंतला मीणा ने इस संबंध में सभी मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर विभागीय शिविरा कैलेंडर का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का आदेश दिया है। जारी निर्देशों के मुताबिक, विभाग के शिविरा पंचांग 2025-26 के तहत 25 दिसंबर 2025 से 5 जनवरी 2026 तक शीतकालीन अवकाश रहेगा। इस अवधि में किसी भी निजी विद्यालय का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है। प्राइवेट स्कूलों में निरीक्षण के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्राधिकार में आने वाले प्राइवेट स्कूल का सघन निरीक्षण करने का निर्देश दिया है। उन्हें यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि अवकाश अवधि के दौरान कोई भी विद्यालय संचालित न पाया जाए। निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई गैर-सरकारी विद्यालय निर्धारित अवधि के अनुसार शीतकालीन अवकाश का पालन नहीं करता है या अवकाश के दौरान संचालित पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध राजस्थान गैर-सरकारी शैक्षिक संस्था अधिनियम 1989 एवं नियम 1993 के तहत नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।शिक्षा विभाग के इस आदेश का उद्देश्य प्राइवेट स्कूल में अवकाश नियमों की सख्त निगरानी सुनिश्चित करना है।


