खैरथल–तिजारा जिले की मुण्डावर पंचायत समिति के रसगन गांव में जिला स्तरीय जलग्रहण महोत्सव का आयोजन किया गया। जलग्रहण विकास एवं भू–संरक्षण विभाग द्वारा प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य जल संरक्षण, ग्रामीण विकास और पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देना था। महोत्सव महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, रसगन परिसर में आयोजित हुआ, जहां जनसभा, जन–जागरूकता रैली, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, स्वयं सहायता समूहों की प्रदर्शनी, रंगोली प्रतियोगिता, वृक्षारोपण और श्रमदान जैसी गतिविधियों ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। इस दौरान जल संरक्षण और पर्यावरण सुधार में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। लोकार्पण और किसानों के फार्म पॉन्ड का भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर, भाजपा अलवर उत्तर के जिला अध्यक्ष महासिंह चौधरी और मुण्डावर पंचायत समिति की प्रधान सुनीता महेश गुप्ता ने रसगन गांव में एनीकट निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। इसी के साथ गांव के 25 किसानों के फार्म पॉण्ड कार्यों का भूमि पूजन भी संपन्न हुआ, जिससे क्षेत्र में जल भंडारण क्षमता बढ़ने की उम्मीद है। जलग्रहण विकास एवं भू–संरक्षण विभाग के अनुसार, राज्य सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल में परियोजना क्षेत्र में कुल 951 कार्य पूरे किए जा चुके हैं। पीएचडी रूरल डेवलपमेंट फाउंडेशन, नई दिल्ली ने सीएसआर के माध्यम से 27 लाख रुपये की लागत से एनीकट निर्माण कार्य करवाया है। वहीं, वरुण बेवरेज लिमिटेड की सीएसआर शाखा आरजे फाउंडेशन द्वारा 65 किसानों के लिए 78 लाख रुपये की लागत से फार्म पॉण्ड निर्माण का कार्य प्रगति पर है। अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की बड़ी भागीदारी महोत्सव में अधीक्षण अभियंता नरेंद्र सिंह मौथू, सेवानिवृत्त अधीक्षण अभियंता सुमेर सिंह चौधरी, अधिशाषी अभियंता क्षत्रपाल यादव, विद्यालय के प्रधानाचार्य रामानंद, उप–प्रधानाचार्य राकेश श्रीवास्तव, वरुण बेवरेज लिमिटेड की असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट डॉ. कादम्बरी, पीएचडीआरडीएफ के सीनियर मैनेजर बृजमोहन पाल और सरपंच ताराचंद शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, विद्यालय स्टाफ, ग्रामीण और विद्यार्थी उपस्थित रहे।


