खैरथल-तिजारा जिले में बढ़ती बिजली चोरी की शिकायतों के बाद भिवाड़ी बिजली निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। अधीक्षण अभियंता भिवाड़ी के निर्देश पर अधिशासी अभियंता (भिवाड़ी) के नेतृत्व में 3 और अधिशासी अभियंता (किशनगढ़बास) के नेतृत्व में 10 टीमों- कुल 13 सघन जांच दलों का गठन किया गया। इन टीमों ने तड़के सुबह विशेष अभियान चलाकर बड़े पैमाने पर बिजली चोरी पकड़ी। जांच के दौरान कई अवैघ कनेक्शन मिले यह अभियान कोटकासिम (बूढ़ी बावल), भिवाड़ी के बांदपुर, मुंड़ाना, सहदोड़, घटाल, उदयपुर मटीला, नागलिया भिवाड़ी सहित आसपास के क्षेत्रों में चलाया गया। जांच के दौरान कई उपभोक्ताओं को बिजली मीटर बायपास कर अतिरिक्त सर्विस लाइन से एसी, कूलर, पंखे और मोटर चलाते हुए पकड़ा गया। भिवाड़ी की कई सोसाइटी, सड़क किनारे के थड़ों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, औद्योगिक इकाइयों और हरियाणा सीमा से सटी कॉलोनियों में भी अवैध कनेक्शन मिले। 100 से ज्यादा जगहों पर 20 लाख रुपए जुर्माना जांच टीमों ने विभिन्न स्थानों से 100 से ज्यादा अवैध जंपर हटाए। एक एसआईपी आरओ प्लांट और 30 कमरों की एक कॉलोनी में बड़े पैमाने पर बिजली चोरी पकड़ी गई, जिस पर लगभग 20 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया। कई निर्माणाधीन फैक्ट्रियों और कॉलोनियों को भी चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। कुल 42 लाख से ज्यादा का जुर्माना कुल मिलाकर, 13 टीमों ने 51 वीसीआर (विद्युत चोरी रिपोर्ट) भरे, जिनमें 1,81,060 यूनिट बिजली चोरी का आकलन किया गया। इस आधार पर विभाग ने कुल 42.13 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। निगम ने चेतावनी दी है कि यदि उपभोक्ता 15 दिनों के भीतर जुर्माना जमा नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ विद्युत चोरी की एफआईआर दर्ज की जाएगी। जांच दल में ये थे शामिल इस जांच दल में एक्सईएन भिवाड़ी एससी महावर, एईएन भिवाड़ी कमल कुमार, एईएन टपूकड़ा सौरभ जोशी, एईएन खैरथल दिनेश भंडाना, एईएन मुंडावर आशीष श्रीवास्तव, एईएन कोटकासिम आलोक कुमार, एईएन सोड़ावास नवीन यादव, एईएन किशनगढ़बास अनीश सिन्हा, एईएन विजिलेंस भिवाड़ी अनुराग सिंह, एईएन विजिलेंस किशनगढ़बास परमजीत यादव, एईएन तिजारा आरसी मीणा, एईएन हरसौली देशराज मीणा सहित लगभग 50 तकनीकी सहायक शामिल थे। बिजली निगम ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।


