खैरथल के राजकीय महाविद्यालय में बीए द्वितीय और तृतीय वर्ष के प्रवेश नवीनीकरण के लिए ऑनलाइन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 22 दिसंबर निर्धारित की गई है। महाविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तिथि तक शुल्क जमा न करने वाले विद्यार्थियों का प्रवेश रद्द कर दिया जाएगा। ऑनलाइन जमा करानी होगी फीस
प्राचार्य डॉ. नीतू जेवरिया ने बताया-विश्वविद्यालय ने बीए द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर के परिणाम जारी कर दिए हैं। ऐसे में, जो नियमित या पूर्व विद्यार्थी अपनी पिछली कक्षा में उत्तीर्ण हो चुके हैं, उन्हें 22 दिसंबर तक महाविद्यालय में उपस्थित होकर ई-मित्र के माध्यम से अगली कक्षा की फीस ऑनलाइन जमा करवानी होगी। प्रवेश प्रभारी डॉ. दीपक कुमार ने जानकारी दी कि यदि विद्यार्थी निर्धारित समय-सीमा में शुल्क जमा नहीं करते हैं, तो उन्हें अगली कक्षा में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि जिन अन्य विद्यार्थियों ने अभी तक द्वितीय व तृतीय वर्ष की महाविद्यालय फीस जमा नहीं करवाई है, वे भी अपना शुल्क 22 दिसंबर तक जमा करवा सकते हैं, अन्यथा उनका प्रवेश भी निरस्त हो जाएगा।


