राजकीय महाविद्यालय खैरथल के राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़े पांच स्वयंसेवकों का अंतरजिला युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के लिए चयन किया गया है। ये युवा बाड़मेर जिले में आयोजित होने वाले पांच दिवसीय यूथ एक्सचेंज कार्यक्रम में भाग लेंगे। प्राचार्य डॉ. नीतू जेवरिया ने बताया कि महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई भारतीय संस्कृति की व्यापक समझ विकसित करने का निरंतर प्रयास करती है। इसी कड़ी में माई भारत विभाग द्वारा सीमांत जिलों के युवाओं में सांस्कृतिक चेतना के आदान-प्रदान हेतु यह यूथ एक्सचेंज कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। खैरथल महाविद्यालय से बीए तृतीय वर्ष के छात्र रजनदीप कौर, कुशाल जाटव, बबलू सिंह, निकिता और बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा मनीषा का चयन हुआ है। ये सभी बाड़मेर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम अधिकारी साक्षी जैन ने जानकारी दी कि इस यात्रा के दौरान महाविद्यालय के युवा भारत के सीमावर्ती गांवों का भ्रमण करेंगे। वे राजस्थान की विविध संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरों के प्रति सकारात्मक चेतना विकसित करेंगे।


