खैरथल के किशनगढ़ रोड स्थित हेमू कल्याणी चौक पर बुधवार देर रात एक पान की दुकान में भीषण आग लग गई। रोचवानी आरआर पान भंडार नामक इस दुकान में रात करीब 1:30 बजे शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़की। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे भीतर रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी भीषण थी कि आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं किया जाता, तो आसपास की अन्य दुकानों और मकानों को भी भारी नुकसान हो सकता था। दुकान मालिक राहुल रोचवानी ने बताया कि इस आगजनी में लगभग 6 से 7 लाख रुपए का सामान जलकर नष्ट हो गया है। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। इस अचानक हुई घटना से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि बिजली के तारों की जांच और शॉर्ट सर्किट की घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।


