खैरथल तिजारा में सोमवार को उद्यानिकी विभाग द्वारा एकदिवसीय मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्रभारी सहायक कृषि अधिकारी दिनेश तक्षक ने बताया कि इस प्रशिक्षण में खैरथल तिजारा जिले के मधुमक्खी पालन में रुचि रखने वाले 50 किसानों ने भाग लिया। सहायक कृषि अधिकारी बिजेंद्र सिंह और कृषि पर्यवेक्षक सुनील सोनी, अजय सिंह, सुभाषचन्द तथा हिमांशु शर्मा ने किसानों का पंजीकरण किया और उन्हें साहित्य वितरित किया। प्रशिक्षण सत्र में कृषि विज्ञान केंद्र बानसूर के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. सुनील कुमार ने मधुमक्खी पालन के विभिन्न घटकों और इसके फायदों के बारे में बताया। वहीं मधुमक्खी पालन विशेषज्ञ कृषक राकेश यादव ने किसानों को इस क्षेत्र में आने वाली समस्याओं और उनके व्यावहारिक समाधानों के बारे में बताया। उद्यानिकी विभाग के उपनिदेशक गोपाल लाल मीणा और कृषि अधिकारी मनीष अग्रवाल ने किसानों को विभाग की विभिन्न कृषक हितकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 50 किसानों ने भाग लिया, जिसमें कृषि विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।


