खैरथल में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिवस गुरुवार को सुशासन दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर जिले भर के राजकीय कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों ने सुशासन की शपथ ली। उन्होंने स्वर्गीय वाजपेयी को पुष्पांजलि भी अर्पित की। जिला स्तरीय कार्यक्रम कलेक्ट्रेट के वीसी रूम में आयोजित हुआ। यहां जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में हुए कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी कार्मिकों को सुशासन की शपथ दिलाई। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सुशासन की शपथ ली। सभी उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने इस अवसर पर कार्मिकों से आमजन के हित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से करने का आह्वान किया। उन्होंने जोर दिया कि कार्मिक सरकार के महत्वपूर्ण अंग हैं और उन्हें अपनी जिम्मेदारी समझते हुए गंभीरता से कार्य करना चाहिए, ताकि आमजन को राहत मिल सके। बता दे कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार 19 से 25 दिसंबर 2025 तक सुशासन सप्ताह मनाया गया था। इसके तहत ‘प्रशासन गांव की ओर’ शिविर और जिला स्तरीय कार्यशाला सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी श्रृंखला में गुरुवार को सुशासन दिवस समारोह का आयोजन हुआ। ये रहे मौजूद कार्यक्रम में डिप्टी एसपी किशनगढ़बास, अतिरिक्त निदेशक कृषि विभाग विजय सिंह, अधीक्षण अभियंता जलदाय विभाग धर्मवीर यादव, उपनिदेशक सहकारिता विभाग वेद प्रकाश सैनी, सहायक निदेशक आयुर्वेद अजीत, नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा, एसीएफ वन विभाग संजय, अधिशासी अभियंता छत्रपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इसी क्रम में जिले के समस्त ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तरीय राजकीय कार्यालयों में भी कार्मिकों को सुशासन की शपथ दिलाई गई।


