खैरागढ़ यूनिवर्सिटी में नए कुलपति का विरोध:एबीवीपी का धरना रातभर रहेगा जारी, भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच लवली शर्मा की नियुक्ति पर विवाद

छत्तीसगढ़ के इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ में नई कुलपति प्रो. लवली शर्मा की नियुक्ति को लेकर विवाद गहरा गया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने रविवार शाम विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। इस बीच छात्रों ने “लवली शर्मा गो बैक” के नारे लगाए। ABVP ने ऐलान किया है कि यह धरना अब पूरी रात चलेगा। प्रदर्शन से प्रशासन में हड़कंप, सुरक्षा बल तैनात प्रदर्शन के बाद विश्वविद्यालय परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया है। स्थिति को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है, लेकिन प्रदर्शनकारियों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। ABVP ने चेतावनी दी है कि यदि नियुक्ति रद्द नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, यहां तक कि छत्तीसगढ़ बंद की चेतावनी भी दी गई है। विवादों में घिरी प्रो. लवली शर्मा की नियुक्ति 9 अप्रैल को राजभवन की ओर से जारी आदेश के तहत प्रो. लवली शर्मा को विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया था। वह इससे पहले दयालबाग एजुकेशन इंस्टीट्यूट, आगरा और राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय, ग्वालियर की कुलपति रह चुकी हैं। लेकिन नियुक्ति के 48 घंटे के भीतर विरोध की लहर तेज हो गई है। ABVP का आरोप है कि उनके पूर्व कार्यकाल में भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और ‘भारत माता’ की तस्वीर हटाने जैसे विवादित फैसले लिए गए, जिससे उनकी नियुक्ति को स्वीकार नहीं किया जा सकता। पुराना है खैरागढ़ विश्वविद्यालय का विवादों से नाता यह कोई पहली बार नहीं है जब खैरागढ़ विश्वविद्यालय विवादों में घिरा हो। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पद्मश्री ममता चंद्राकर की कुलपति नियुक्ति को लेकर भी सवाल उठते रहे थे। सरकार बदलने के बाद उन्हें पद से हटा दिया गया और तब से विश्वविद्यालय में स्थायी कुलपति की नियुक्ति लंबित थी। अभी कार्यभार भी नहीं संभाला, फिर भी बवाल प्रो. लवली शर्मा ने अब तक कुलपति का कार्यभार औपचारिक रूप से ग्रहण नहीं किया है। लेकिन विरोध और प्रदर्शन ने पहले ही खैरागढ़ को राज्य की सियासत का नया केंद्र बना दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *