ख्वाजा कोठी चौक पर लोगों का फूटा गुस्सा, सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन

भास्कर न्यूज | लुधियाना ख्वाजा कोठी चौक में देर रात हालात उस समय तनावपूर्ण हो गए जब बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। लोगों का गुस्सा बीते दिन हुई एक गंभीर सड़क दुर्घटना को लेकर था, जिसमें एक बेकाबू ट्रक ने रिहायशी इलाके में घुसकर दो कारों को टक्कर मार दी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक तेज रफ्तार में था और अचानक नियंत्रण खो बैठा। ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी दो कारों को जोरदार टक्कर मारी, जिससे दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। गनीमत यह रही कि हादसे के समय कारों में कोई सवार नहीं था, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद इलाके में डर और गुस्से का माहौल बन गया। लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। रोजाना भारी वाहन रिहायशी गलियों से गुजरते हैं, जिससे लगातार खतरा बना रहता है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने सड़क पर बैठकर नारेबाजी की और साफ कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे पीछे नहीं हटेंगे। मोहल्ला निवासियों ने प्रशासन के सामने कई मांगें रखीं। उनका कहना है कि पूरे रिहायशी इलाके में भारी वाहनों की एंट्री तुरंत बंद की जाए। मुख्य रास्तों पर पुलिस की तैनाती की जाए ताकि ओवरलोड ट्रकों को रोका जा सके। साथ ही गलियों की एंट्री पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं, जिससे वाहनों की रफ्तार कम हो। लोगों ने कहा कि हम घरों के बाहर सुरक्षित नहीं हैं। हर दिन बड़े वाहन मौत बनकर दौड़ते हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर सड़क जाम खुलवाने की कोशिश की। अधिकारियों ने लोगों को आश्वासन दिया कि मामले को संबंधित विभाग तक पहुंचाया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *