सवाई माधोपुर के गंगापुर सिटी कस्बे में आपसी रंजिश के चलते हुई दिनदहाड़े फायरिंग में शामिल सुरेन्द्र गुर्जर हुआ गिरफ्तार। आरोपी के कब्जे से अवैध देसी कट्टा, 2 कारतूस और स्कोर्पियो वाहन जब्त किया है। वहीं, फरार अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इनाम भी घोषित किया है। SP अनिल कुमार बेनीवाल ने बताया कि 1 दिसंबर 2025 को गंगापुर सिटी के माल गोदाम रोड स्थित पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र में बदमाशों ने दुकान पर बैठे महेन्द्र उर्फ काडू गुर्जर पर फायरिंग कर दी थी। घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई थी। इस मामले में थाना कोतवाली गंगापुर सिटी में हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज किया गया था। विशेष टीमों का गठन, जांच में आई तेजी घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी राकेश राजौरा के सुपरविजन और सीओ गंगापुर सिटी गिर्राज मीणा के निर्देशन में विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान पुलिस अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और लगातार दबिशें दी जा रही हैं। जयपुर से लौटते समय आरोपी दबोचा गया पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी सुरेन्द्र गुर्जर जयपुर से स्कोर्पियो वाहन में सवाई माधोपुर की ओर आ रहा है। इस पर मानटाउन थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता और डीएसटी प्रभारी श्यामसुन्दर के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान स्कोर्पियो वाहन से एक अवैध देशी कट्टा और दो कारतूस बरामद किए गए। हथियार खरीदने का खुलासा पूछताछ में सामने आया कि सुरेन्द्र गुर्जर ने यह हथियार बदमाश कृष्णा गुर्जर से खरीदा था। गिरफ्तार आरोपी सुरेन्द्र गुर्जर निवासी कुन्कटा खुर्द थाना सदर गंगापुर सिटी है, जिसके खिलाफ पूर्व में मारपीट और मादक पदार्थ तस्करी सहित करीब आधा दर्जन गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। फरार बदमाशों पर इनाम पुलिस ने बताया कि फायरिंग कांड में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया गया है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिशें दी जा रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।


