बैतूल में मध्य रेल उपमंडल के तहत बैतूल-मरामझिरी रेल सेक्शन पर स्थित विजय भवन गंज के समीप रोड अंडर ब्रिज का निर्माण कार्य चार माह से अधूरा है। निर्माण की धीमी गति के कारण रेलवे प्रशासन ने भारी वाहनों का आवागमन 30 जनवरी 2026 तक पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया है। सहायक मंडल अभियंता (ADEN) सोनल बेसेकर ने बताया कि बस, ट्रक और डंपर जैसे भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। हालांकि, दोपहिया और छोटे चारपहिया वाहनों को सावधानीपूर्वक निकलने की अनुमति दी गई है। नागरिकों से सुरक्षा के मद्देनजर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है। सितंबर में शुरू हुए इस निर्माण कार्य में अब तक लगभग 50 मीटर सड़क का काम भी पूरा नहीं हो सका है। कार्य में देरी के कारण गंज क्षेत्र में आए दिन जाम की स्थिति बनती है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे पहले रेलवे ने इस कार्य के लिए 26 नवंबर तक यातायात रोकने की अनुमति दी थी। उस समय एडीईएन बेसेकर ने बताया था कि सीमेंट कार्य में क्यूरिंग (सूखने की प्रक्रिया) में समय लगता है, जिसके कारण देरी हो रही है। एडीईएन बेसेकर के अनुसार, ठेकेदार को यह कार्य छह माह में पूरा करना था, लेकिन इसमें काफी देरी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि ठेकेदार की व्यक्तिगत समस्याओं के कारण निर्माण कार्य रुक-रुक कर चल रहा है। देरी को देखते हुए ठेकेदार पर पेनाल्टी लगाई जा रही है ताकि कार्य शीघ्र पूरा किया जा सके। उल्लेखनीय है कि अक्टूबर माह में निर्माण के दौरान शहर की मुख्य पेयजल पाइपलाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे कई दिनों तक जलापूर्ति प्रभावित रही थी।


