निगम सुपरिंटेंडेंट प्रदीप राजपूत के खाली प्लॉट में कूड़े के ढेर की शिकायत मिलने पर निगम कमिश्नर गुलप्रीत सिंह औलख के आदेश पर नोटिस जारी हुआ है। हेल्थ विभाग की ओर से 48 घंटे में जुर्माना लगाने के साथ ही बिल तैयार कर सुपरिंटेंडेंट को भेज दिया जाएगा। यह पहली बार है कि किसी निगम के अफसर को प्लॉट में गंदगी मिलने पर नोटिस जारी हुआ है। बता दें कि डीसी साक्षी साहनी के आदेश पर खाली प्लॉटों में कूड़ा-मलबा पाए जाने पर नोटिस जारी करने और जुर्माना लगाने के आदेश बीते 26 जून को जारी हुए थे। इसके बाद से निगम कमिश्नर के निर्देश पर लगातार लोगों को जागरूक किया जा रहा कि खाली प्लॉटों में कूड़ा या मलबा जो भी हो हटवा लें। प्लॉटों की बाउंड्री करवाएं ताकि आस-पास के लोग उसमें कूड़ा नहीं फेंके। मगर आम लोग तो दूर निगम के प्रॉपर्टी टैक्स विभाग में बतौर सुपरिंटेंडेंट तैनात प्रदीप राजपूत के प्लॉट में ही कूड़ा पाया गया। फिलहाल, निगम कमिश्नर की इस कार्रवाई से मैसेज साफ है कि कानून तोड़ने वाला कोई भी हो बख्शा नहीं जाएगा। सरकारी संस्थान-इंस्टीट्यूट या अफसर-नेता कोई भी हो खाली प्लाट में गंदगी मिलने पर बनती कार्रवाई की जाएगी। निगम के हेल्थ विभाग की ओर से बीते 23 जुलाई तक 27 दिन में खाली प्लॉट में गंदगी को लेकर चलाए गए ड्राइव में 985 मालिकों को नोटिस भेजा जा चुका है। जिन्हें प्रतिदिन 16,832 रुपए के हिसाब से जुर्माना लगाकर बिल भी भेजा जा रहा है। बता दें कि बीते 11 जुलाई तक 14 दिनों में 302, वहीं 15 जुलाई तक यह गिनती 649 पहुंच गई थी। जो 11 दिन में 236 तो 14 दिन में 683 चालान काटे गए हैं। निगम कमिश्नर 13 दिनों में करीब 4 बैठकें अफसरों संग कर चुके है। शहरवासियों से लगातार अपील कर रहे कि जो लोग अपने खाली प्लॉटों की सफाई नहीं करवा रहे हैं, वे जल्द से जल्द सफाई करवा लें। जिस जगह खाली प्लॉट है, घर उससे काफी दूर है। कुछ दिन पहले ही सफाई करवाई थी। दो-तीन बार साफ करवा चुके हैं। लेकिन आस-पास के लोग कूड़ा फेंक देते हैं। प्लॉट का कूड़ा वह जल्द ही फिर से हटवा देंगे। -प्रदीप राजपूत, सुपरिंटेंडेंट, प्रॉपर्टी टैक्स विभाग, निगम खाली प्लॉटों से गंदगी हटाने के लिए हेल्थ विभाग की ओर से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। चेतावनी के बावजूद न समझने पर जुर्माना लगाया जा रहा है। निगम या कोई सरकारी विभाग के अफसर-राजनेता हों उनके खाली प्लॉट में गंदगी-जलभराव पाया गया तो बख्शा नहीं जाएगा। कोई कितना भी पॉवरफुल हो नियम-कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। -गुलप्रीत सिंह औलख, निगम कमिश्नर


