गंदगी, प्रदूषित पानी , सीवर चोक की समस्या के हल के लिए 87509-75975 नंबर पर मिस्ड कॉल दें

भास्कर न्यूज | लुधियाना कैबिनेट मंत्री हरदीप मुंडियां और नगर निगम कमिश्नर डेचलवाल ने कहा कि सफाई, पानी, सीवर चेक आदि किसी भी समस्या के मामले में निवासी नगर निगम अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा वे एमसेवा के माध्यम से नगर निकाय में ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं। निवासी न केवल mseva.lgpunjab.gov.i n पर जाकर ऑनलाइन शिकायतें दर्ज करा सकते हैं, बल्कि वे वॉट्सएप एमसेवा चैटबॉट के माध्यम से भी ऑनलाइन शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। निवासी चैटबॉट तक पहुंचने के लिए 87509-75975 पर मिस्ड कॉल दे सकते हैं या वॉट्सएप संदेश भेज सकते हैं। पंजाब के आवास एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां, लुधियाना दक्षिण विधायक राजिंदर पाल कौर छीना, विधायक अशोक पराशर पप्पी, आत्म नगर विधायक कुलवंत सिद्धू और एमसी कमिश्नर आदित्य डेचलवाल ने सोमवार को शहर भर में मेगा सफाई अभियान चलाया। वार्ड नंबर 24 में सफाई अभियान के तहत मंत्री व विधायकों ने झाड़ू लगाया। विधायक छीना ने शेरपुर चौक से अभियान का नेतृत्व किया और लोगों से कूड़ा डस्टबिन में डालने की बात कही। विधायक अशोक पराशर ने सिविल अस्पताल के पास अमरपुरा रोड पर अभियान का नेतृत्व किया, जबकि विधायक सिद्धू ने प्रताप चौक से चल रहे अभियान के दौरान जागरूकता अभियान चलाया। कैबिनेट मंत्री मुंडियां ने कहा कि शहर के सभी वार्डों/प्रमुख सड़कों को चल रहे महासफाई अभियान के तहत कवर किया जाएगा और वे नियमित आधार पर इसकी निगरानी कर रहे हैं। जहां भी आवश्यक हो, सीवर लाइनों की सफाई की जा रही है तथा अधिकारियों को नियमित आधार पर फॉगिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि निवासियों को वेक्टर जनित बीमारियों के कारण किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने निवासियों से शहर को स्वच्छ और हरा-भरा रखने में अधिकारियों का सहयोग करने की अपील की। कैबिनेट मंत्री मुंडियां और शहर के विधायकों ने कहा कि आने वाले दिनों में भी सफाई अभियान जारी रहेगा और सफाई व स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए हर कदम उठाए जा रहे हैं। नगर निगम के संयुक्त आयुक्त अंकुर महेंद्रू, संयुक्त आयुक्त अभिषेक शर्मा, जोनल आयुक्त नीरज जैन और गुरपाल सिंह सहित अन्य नगर निकाय अधिकारियों ने भी सफाई अभियान में भाग लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *