जैसलमेर में रेलवे लाइन के पास स्थित गंदे पानी के नाले में एक रिटायर्ड अधिकारी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान इंदिरा गांधी नहर परियोजना (IGNP) से सेवानिवृत्त हुए 60 वर्षीय संपत लाल भार्गव के रूप में हुई है। पुलिस ने देर रात रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शव को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शहर कोतवाली थाना के ASI श्रवण बिश्नोई ने बताया – मृतक की पहचान संपत लाल भार्गव, सूली डूंगर का निवासी था। परिजनों के अनुसार, संपत लाल सोमवार शाम करीब 6 बजे घर से यह कहकर निकले थे कि वे किसी काम से बीकानेर जा रहे हैं। घर से निकलने के बाद वे नाले तक कैसे पहुंचे और उनके साथ क्या हुआ, इसकी जांच जारी है। फिलहाल शव का पोस्टमॉर्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। बीती रात1.30 बजे मिली सूचना, पुलिस ने चलाया रेस्क्यू शहर कोतवाली के एएसआई (ASI) श्रवण विश्नोई ने बताया कि सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि रेलवे लाइन के पास स्थित गंदे पानी के गहरे नाले में एक व्यक्ति गिरा हुआ है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। अंधेरा और नाला गहरा होने के कारण शव को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से भारी प्रयासों के बाद व्यक्ति को बाहर निकाला और तुरंत जवाहिर हॉस्पिटल ले गए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। जवाहिर हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बीकानेर जाने का बोलकर निकले थे घर से
परिजनों के अनुसार, संपत लाल सोमवार शाम करीब 6 बजे घर से यह कहकर निकले थे कि वे किसी काम से बीकानेर जा रहे हैं। वे इंदिरा गांधी नहर परियोजना (RCP) में अधिकारी पद पर तैनात थे और महज 6 महीने पहले ही अपनी सेवाओं से सेवानिवृत्त हुए थे। घर से निकलने के बाद वे नाले तक कैसे पहुंचे और उनके साथ क्या हुआ, यह अभी भी एक अनसुलझी पहेली बना हुआ है। बीमारी और इलाज की बात आई सामने
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि मृतक संपत लाल पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे और उनका इलाज चल रहा था। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या बीमारी की वजह से वे मानसिक तनाव में थे या अंधेरे के कारण पैर फिसलने से यह हादसा हुआ। पुलिस की कार्रवाई और पोस्टमॉर्टम
मंगलवार सुबह कोतवाली पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमॉर्टम करवाया। एएसआई श्रवण विश्नोई ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सुपुर्द कर दिया गया है।


