जबलपुर रेंज के आईजी जितेंद्र सिंह कुशवाह ने लार्डगंज थाने का निरीक्षण करते हुए पुलिस स्टाफ को कड़ी फटकार लगाई। निरीक्षण के दौरान आईजी के साथ जबलपुर एसपी संपत उपाध्याय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी भी मौजूद थे। आईजी ने सबसे पहले थाना कैंपस का निरीक्षण किया और वहां कई खामियां पाई, जिससे वह नाराज हो गए। इसके बाद उन्होंने हवालात का निरीक्षण किया, जहां गंदगी पसरी हुई थी। थाना प्रभारी के इस जवाब पर कि हवालात में मुलजिम रहते हैं, इसलिए सफाई नहीं हो पाई, आईजी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “आप कैसी बात कर रहे हैं? इतना गंदा हवालात है कि आपको तो पनिशमेंट मिलना चाहिए।” इसके बाद आईजी ने थाना प्रभारी और अन्य पुलिस स्टाफ की जमकर क्लास लगाई। लार्डगंज थाने के निरीक्षण के बाद आईजी ओमती सीएसपी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने रिकॉर्ड की जांच की। रिकॉर्ड में सीएसपी द्वारा दिलाई गई सजा और इनाम का ग्राफ बहुत कम पाया, जिस पर भी उन्होंने आपत्ति जताई। आईजी के सख्त तेवर और कार्रवाई से पुलिस महकमे में हलचल मच गई है।


