गंभीर लापरवाही:दो घंटे अपार्टमेंट की लिफ्ट में फंसी रही महिला, दीवार तोड़कर निकाला

न्यू आरटीओ ऑफिस के सामने स्थित अपार्टमेंट में मंगलवार को अटकी लिफ्ट ने महिला की जान खतरे में डाल दी। वह करीब दो घंटे तक लिफ्ट में फंसी रही। बाद में ड्रील मशीन से दीवार में छेद कर उसे जैसे-तैसे बाहर निकाला गया। पीड़िता अमर विलास अपार्टमेंट में रहती है। वह सुबह साढ़े 8 बजे स्कूल जा रहे बेटे काे आईडी कार्ड देने के लिए 5वें फ्लोर पर स्थित फ्लैट से नीचे जाने के लिए लिफ्ट में चढ़ी। उन्होंने ग्राउंड पर जाने के लिए जीरो का बटन दबाया, लेकिन लिफ्ट नीचे जाने के बजाय 7वें फ्लोर पर पहुंचकर छत से टकराई और वहीं अटक गई। झटके के कारण लिफ्ट में लगी लाइट्स भी टूटकर गिर गईं। अंदर रेत और मिट्‌टी भरने लगी। कुछ देर बाद लिफ्ट की वायरिंग भी टूटने लगी। अंधेरे के कारण दम घुटने जैसी स्थिति में उन्होंने मदद के लिए चिल्लाना शुरू कर दिया। उनकी चिल्लाहट सुनकर पास में रहने वाले लोगों ने नीचे से फोन करके गार्ड को बुलाया गया। करीब 15 मिनट बाद सोसायटी के लोग भी मौके पर पहुुंचे। लेकिन, काफी मशक्कत के बाद भी लिफ्ट का गेट नहीं खुला। बाद में लकड़ी डालने पर गेट हल्का सा खुला। लिफ्ट जहां अटकी, वहां सामने दीवार, सांस लेने में होने लगी दिक्कत, हिम्मत नहीं हारी लिफ्ट ऐसी जगह फंसी थी, जहां सामने दीवार थी। जैसे-जैसे वक्त बीत रहा था, वैसे-वैसे पीड़िता की घबराहट बढ़ने लगी। तेज प्यास के चलते उसे सांस लेने में भी दिक्कत होने लगी। इस बीच रेलवे में काम करने वाले महिला के पति भी पहुंच गए। उन्होंने अपार्टमेंट के प्रबंधन को खूब खरी-खोटी सुनाई। समय पर मेंटेनेंस नहीं करने को लेकर उनकी बहस भी हुई। इसके बाद दीवार को प्रबंधन ने ड्रील करने के लिए मैकेनिक बुलाया। फिर ड्रील मशीन से दीवार में छेद कर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला गया। काम की बात- लिफ्ट में फंसें तो ये करें लिफ्ट में फंसना तकनीकी समस्या है। अगर आपके साथ भी ऐसा हो जाए तो घबराएं नहीं। हर लिफ्ट में इमरजेंसी अलार्म और हेल्प बटन होता है। उसे दबाकर बिल्डिंग मैनेजमेंट या सिक्योरिटी को सूचना दें। कुछ लिफ्टों में इंटरकॉम होता है। उससे बात करें। अगर मोबाइल नेटवर्क मिल रहा हो तो बिल्डिंग मैनेजर या इमरजेंसी नंबर पर कॉल करें। जब तक टेक्नीशियन न आए, दरवाजे को जबरदस्ती खोलने का प्रयास न करें। यह खतरनाक हो सकता है। लिफ्ट फर्श से ऊपर-नीचे हो सकती है, इससे दुर्घटना होने का जोखिम रहता है। कूदने या लिफ्ट को हिलाने की कोशिश न करें। इससे लिफ्ट का बैलेंस बिगड़ सकता है। स्थिति और खराब हो सकती है। अगर लिफ्ट झटके खाती महसूस हो, तो नीचे बैठ जाएं और सिर को हाथों से ढकें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *