गढ़वा में हाईवा ने स्कॉर्पियो को उड़ाया, 4 की मौत:सभी एक ही परिवार के, सगाई से लौट रहे थे सभी; गाड़ी के परखच्चे उड़े

गढ़वा-रेहला मुख्य मार्ग पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बेलचंपा गांव के पास अज्ञात हाईवा की चपेट में आने से स्कॉर्पियो सवार एक ही परिवार के चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सड़क किनारे पिचक कर रह गई। हादसे के बाद मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। सगाई समारोह से लौट रहे थे चारों युवक मृतकों की पहचान पलामू जिले के पांडु थाना क्षेत्र अंतर्गत लवर पांडु गांव निवासी लखन पासवान के पुत्र नरेंद्र कुमार पासवान (30), शंभु पासवान के पुत्र जितेंद्र पासवान (28), विश्रामपुर थाना क्षेत्र के भंडार गांव निवासी मनोज पासवान के पुत्र बादल पासवान (20) और अशोक पासवान के पुत्र बिक्की कुमार (18) के रूप में हुई है। सभी आपस में रिश्तेदार थे। जानकारी के अनुसार चारों युवक स्कॉर्पियो वाहन से बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के बिलासपुर गांव गए थे, जहां जितेंद्र पासवान की मौसेरी बहन की सगाई का कार्यक्रम था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद देर रात सभी घर लौट रहे थे, तभी बेलचंपा गांव के पास तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। कटर मशीन से निकाले गए शव हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। स्कॉर्पियो में चारों युवक बुरी तरह फंस गए थे। सूचना पर पहुंची गढ़वा पुलिस ने कटर मशीन की मदद से वाहन को काटकर काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला और सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां चीख-पुकार और रोने-बिलखने से माहौल गमगीन हो गया। गांवों में मातम, सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल चार युवकों की मौत की खबर जैसे ही उनके गांवों में पहुंची, वहां मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही पर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि रात के समय हाईवा और अन्य भारी वाहनों की रफ्तार अनियंत्रित रहती है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। पुलिस का कहना है कि फरार हाईवा की तलाश की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *