गढ़वा में हाईवा पलटने से दो युवकों की मौत:सेना भर्ती की तैयारी कर रहे थे दोनों, गांव में मचा हाहाकार

गढ़वा जिले के रंका-रमकंडा मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में मानपुर गांव के दो युवक राजू कुमार रवि (22) और अनिल कुमार रवि की मौत हो गई। दोनों सेना भर्ती की तैयारी कर रहे थे। इसके लिए हर दिन की तरह सुबह दौड़ने निकले थे। जानकारी के मुताबिक बोईला के पास सड़क किनारे दौड़ते समय एक तेज रफ्तार स्टोन चिप्स लदा हाईवा अनियंत्रित होकर अचानक पलट गया। हाईवा के पलटते ही दोनों युवक उसके नीचे दब गए। जहां मौके पर ही उनकी मौत हो गई। यह हादसा रंका थाना से सिर्फ 200 मीटर की दूरी पर एक तीखे मोड़ पर हुआ। घटना इतनी अचानक हुई कि प्रत्यक्षदर्शी महावीर कुमार के अनुसार किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। गिट्टी के ढेर में दबे मिले शव, ग्रामीणों में गुस्सा हाईवा के पलटते ही दोनों युवकों के शव गिट्टी के ढेर में पूरी तरह दब गए थे। उन्हें निकालने के लिए पुलिस को जेसीबी मशीन बुलानी पड़ी। जैसे ही हादसे की खबर गांव तक पहुंची, सैकड़ों ग्रामीण और परिजन मौके पर इकट्ठा हो गए। देखते ही देखते रंका थाना परिसर और घटना स्थल पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भारी वाहनों की तेज रफ्तार और प्रशासनिक लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। विरोध इतना उग्र हो गया कि पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और पूरा मार्ग अवरुद्ध हो गया। अधिकारियों के हस्तक्षेप से शांत हुआ माहौल विरोध के बढ़ते दबाव को देखते हुए एसडीओ रुद्र प्रताप, एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत की और उन्हें भरोसा दिलाया कि हाईवा चालक और वाहन मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पीड़ित परिवारों को सरकारी प्रावधानों के तहत हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *