गढ़ देवी मंदिर में अर्धनारीश्वर महादेव प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान के चौथे दिन संगीतमय पूजन

गढ़वा | शहर स्थित ऐतिहासिक गढ़ देवी मंदिर के प्रथम तल पर स्थापित अर्धनारीश्वर महादेव की पंच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान के चौथे दिन गुरुवार की सुबह सात बजे से भव्य व संगीतमय पूजन का आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर वैदिक मंत्रोच्चारण, शंखध्वनि और भक्ति संगीत से भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। अनुष्ठान के प्रधान आचार्य आशीष वैद्य के सानिध्य में काशी से पधारी वैदिक विद्वानों की टोली ने विधिवत श्री दुर्गा सप्तशती पाठ के साथ पूजन कार्य का शुभारंभ किया। वैदिक मंत्रों के उच्चारण से पूरे मंदिर परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता रहा। प्राणप्रतिष्ठा अनुष्ठान के यजमान विनोद जायसवाल अपनी धर्मपत्नी कंचन जायसवाल के साथ पूरे श्रद्धा, निष्ठा एवं तन्मयता से अनुष्ठान में सहभागी बने। उन्होंने मंडपस्थ वेदियों और आवाहित देवी-देवताओं का विधिवत पूजन संपन्न किया। विदित हो कि यजमान दंपती सकल जन कल्याण तथा गढ़वा नगरवासियों के ऐश्वर्य, वैभव एवं धन-धान्य की प्राप्ति की कामना को लेकर अनुष्ठान में भाग ले रहे हैं। पूजन के बाद विग्रह की न्यास व अधिवास की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इस क्रम में भगवान अर्धनारीश्वर महादेव का विविध विधियों से दिव्य स्नान कराया गया और जलाधिवास अनुष्ठान पूर्ण हुआ। पूर्व मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने बताया कि 23 जनवरी 2026 को वैदिक विधि-विधान के साथ प्राणप्रतिष्ठा संपन्न कर भगवान अर्धनारीश्वर महादेव का पट भक्तों के दर्शन के लिए खोल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधान आचार्य आशीष वैद्य के कुशल मार्गदर्शन में सभी अनुष्ठान वैदिक परंपरा के अनुसार संपन्न कराए जा रहे हैं, जिसके लिए वे आचार्य एवं विद्वान पंडितों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। अनुष्ठान में उपाचार्य रंजन शास्त्री, ब्रह्मा मयंक शास्त्री, आचार्य दीपक मिश्रा, हरिओम पांडेय, अजय शास्त्री, अमन कौशल शास्त्री, गौरव शास्त्री, अतुल शास्त्री सहित अनेक वैदिक विद्वान शामिल हैं। आयोजन को सफल बनाने में कोषाध्यक्ष टिंकू सिंह (हेमेंद्र कुमार सिंह), मुन्ना मोबाइल, शंभूनाथ सहयोग कर रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *