गणतंत्र दिवस: झांकियों में दिखाई देगा विकास

भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर जिले में 77वें गणतंत्र दिवस को उल्लासपूर्ण, गारिमामय व भव्य रूप से मनाने जिला प्रशासन की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन शासकीय आदर्श रामानुज हायर सेकेंडरी स्कूल बैकुंठपुर के मिनी स्टेडियम में किया जाएगा, जहां राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ सांस्कृतिक व विभागीय कार्यक्रमों का आयोजन होगा। जिला स्तरीय समारोह के मुख्य अतिथि बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े होंगे। कार्यक्रम को सफल व सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। शुक्रवार को कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने मुख्य आयोजन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मंच, परेड, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता व चिकित्सा व्यवस्था सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने कहा कि गणतंत्र दिवस राष्ट्रीय गौरव का पर्व है, जिसे गरिमा और अनुशासन के साथ मनाना चाहिए। इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह की विशेष आकर्षण 14 से 15 विभागों द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली रंग-बिरंगी व संदेशपूर्ण झांकियां होंगी। स्वास्थ्य विभाग की झांकी में प्रदेश के पहले बुजुर्ग स्वास्थ्य देखभाल केंद्र के साथ-साथ मातृ व शिशु मृत्यु दर में कमी लाने किए जा रहे प्रयासों को प्रदर्शित किया जाएगा। पंचायत व ग्रामीण विकास विभाग द्वारा आजीविका मिशन, वन विभाग द्वारा गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व को झांकी के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *