गणतंत्र दिवस पर भिंड में कांग्रेस का धरना:हेमंत कटारे बोलेः खुद को गौ-सेवक बताने वाली सरकार में हो रहा गायों का कत्लेआम

भिंड शहर में गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा भरौली चौराहा स्थित टिकासरा पर लहार विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं को लेकर धरना प्रदर्शन किया गया। धरने का नेतृत्व पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह और उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार और लहार विधायक पर भ्रष्टाचार, अवैध गतिविधियों और प्रशासनिक मनमानी के गंभीर आरोप लगाए। कटारे बोले- गायों का कत्लेआम हो रहा
उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने कहा कि मोहन यादव सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में गौवंश की स्थिति बेहद दयनीय हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि खुलेआम गायों का कत्लेआम हो रहा है, जबकि सरकार खुद को गौ-सेवक बताकर केवल दिखावा कर रही है। कटारे ने कहा कि भोपाल में बूचड़ख़ानों को लेकर सरकार द्वारा दी गई स्वीकृति और महापौर के संरक्षण में यह सब हो रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार में दम है तो अवैध बूचड़खानों और उन्हें संरक्षण देने वालों पर बुलडोजर चलाकर दिखाए। डॉ. गोविंद सिंह बोले- प्रदेश में चरम पर भ्रष्टाचार
पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है और लहार विधानसभा में कानून का राज समाप्त हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि लहार विधायक अंबरीष शर्मा के इशारे पर अधिकारी काम कर रहे हैं। डॉ. सिंह ने कहा कि पिछले दो वर्षों में लहार में कोई विकास कार्य नहीं हुआ है। नगर पालिका में पार्षदों को प्रताड़ित किया जा रहा है और अनुसूचित जाति की महिला अध्यक्ष मिथिलेश नौरोजी को भी अपमानित किया जा रहा है। उनके कक्ष से स्टाफ हटाया गया है और मूलभूत सुविधाएं तक नहीं दी जा रहीं। उन्होंने जनपद पंचायत की स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस की जनपद अध्यक्ष के कक्ष पर ताला जड़ दिया गया है और जनपद सीईओ के बंगले पर अवैध कब्जा किया गया है। साथ ही अवैध रेत उत्खनन को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए। धरना प्रदर्शन में शहर कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र भदौरिया ‘पिंकी’, ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष रामशेष बघेल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. राधेश्याम शर्मा, मनोज दैयपुरिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *