ब्यावर जिला कलेक्टर कमल राम मीना की अध्यक्षता में बुधवार को गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा बैठक हुई। आगामी समारोह को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं और समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई, साथ ही संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर मीना ने बताया कि गणतंत्र दिवस पर विद्यार्थी देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। एनसीसी कैडेट्स की अनुशासित परेड और महाविद्यालय के विद्यार्थियों के म्यूजिकल कार्यक्रम विशेष आकर्षण होंगे। इसके अतिरिक्त, विभिन्न विभागों की झांकियों के जरिए जिले में चल रहे विकास कार्य, सरकारी योजनाएं, नवाचार और जनकल्याणकारी गतिविधियां प्रभावी रूप से प्रदर्शित की जाएंगी। उन्होंने भारतीय संविधान की महत्ता पर भी प्रकाश डाला। कलेक्टर ने कहा कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान है, जो देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव है। यह सभी नागरिकों को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देता है। संविधान मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों और नीति निर्देशक तत्वों के माध्यम से समतामूलक एवं न्यायपूर्ण समाज की स्थापना का मार्ग प्रशस्त करता है। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर ब्रह्म लाल जाट, उपखण्ड अधिकारी दिव्यांश सिंह, तहसीलदार, विकास अधिकारी, आयुक्त नगर परिषद, उपपंजीयक, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद, जिला रसद अधिकारी, परिवहन अधिकारी, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, संयुक्त निदेशक सूचना प्रौद्योगिकी, उपनिदेशक महिला एवं बाल विकास, अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता, प्रिंसिपल सनातन धर्म राजकीय महाविद्यालय, प्रिंसिपल पटेल राजकीय स्कूल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे। बैठक में सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, ध्वजारोहण, मंच व्यवस्था और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के समन्वय पर विशेष जोर दिया गया। आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।


